सोरों में होलिका माता के भव्य मंदिर निर्माण की मांग, 2.142 हेक्टेयर भूमि आवंटन को शासन तक पहुंचा प्रस्ताव
प्रमुख सचिव, यूपी कैबिनेट मंत्रियों एवं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को सौंपा ज्ञापन, कैबिनेट से प्रस्ताव पारित कर भूमि आवंटित कराने की उठाई मांग

सोरों (कासगंज)। तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में होलिका माता के भव्य मंदिर निर्माण की मांग को लेकर होलिका धार्मिक विकास समिति ने प्रदेश सरकार के समक्ष पहल तेज कर दी है। समिति की ओर से प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, कैबिनेट मंत्रियों तथा उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को प्रार्थना पत्र देकर मंदिर निर्माण के लिए 2.142 हेक्टेयर बंजर भूमि आवंटित कराने की मांग की गई है।
समिति ने अपने पत्र में सोरों स्थित गाटा संख्या 687, 701, 702, 703 एवं 706 की कुल 2.142 हेक्टेयर भूमि का उल्लेख करते हुए इस भूमि पर विशाल होलिका माता मंदिर निर्माण कराने की मांग रखी है। समिति का कहना है कि सोरों होलिका माता की जन्म एवं बलिदान भूमि है और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस स्थान का विशेष महत्व है। यहां मंदिर निर्माण होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ तीर्थ नगरी की सांस्कृतिक पहचान को भी नई दिशा मिलेगी।
समिति ने शासन को अवगत कराया कि भूमि आवंटन को लेकर पूर्व में भी कई स्तरों पर पत्राचार एवं प्रयास किए जा चुके हैं। दिनांक 4 जुलाई 2026 को भूमि आवंटन के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद 24 जुलाई 2026 को शासन स्तर से राजस्व विभाग की प्रक्रिया एवं भूमि आवंटन संबंधी नियमों का हवाला देते हुए जवाब दिया गया। वहीं, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री के स्तर से भी इस प्रकरण में पूर्व में निर्देश दिए जाने तथा जिलाधिकारी कासगंज द्वारा भूमि संबंधी जांच आख्या शासन को प्रस्तुत किए जाने का उल्लेख पत्र में किया गया है।
समिति के प्रतिनिधिमंडल ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से संपर्क कर मंदिर निर्माण के लिए भूमि आवंटन का प्रस्ताव कैबिनेट से पारित कराने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि होलिका माता मंदिर का निर्माण होने से देशभर के श्रद्धालुओं के लिए सोरों एक प्रमुख धार्मिक आकर्षण के रूप में विकसित हो सकता है। साथ ही धार्मिक आयोजन, पर्यटन गतिविधियां एवं स्थानीय स्तर पर आर्थिक संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
समिति ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि धार्मिक आस्था एवं तीर्थ नगरी सोरों के महत्व को देखते हुए प्रस्तावित भूमि आवंटन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाकर शीघ्र निर्णय लिया जाए, जिससे होलिका माता के भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सके।
Author: Soron Live 24

