लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाई हरि की पौड़ी, देव दीपावली पर शूकरक्षेत्र में दिखा भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम
गंगा तट पर दीपदान, शंखनाद और मंत्रोच्चार से भक्तिमय हुआ वातावरण; गुरु नानक जयंती पर गुरु द्वारे को भी सजाया गया भव्य रोशनी

सोरों जी, कासगंज। देव दीपावली के पावन पर्व पर तीर्थ नगरी सोरों जी स्थित हरि की पौड़ी श्री गंगा जी का तट लाखों दीपों की दिव्य रोशनी से जगमगा उठा। शंखनाद, मंत्रोच्चार, धार्मिक जयघोष और दीपदान के बीच आदि तीर्थ शूकरक्षेत्र धाम में श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति, ब्राह्मण कल्याण सभा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में आयोजित दीपोत्सव में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।





गंगा तट पर श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य देवी-देवताओं के निमित्त 21-21 दीप प्रज्वलित कर दीपदान किया। दीपों की लंबी कतारों से हरि की पौड़ी का दृश्य अत्यंत मनोहारी हो उठा। गंगा तट पर चारों ओर दीपों की जगमगाहट और भक्तों के जयकारों ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो धरती पर देवलोक उतर आया हो।
शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति के संयोजक एवं ब्राह्मण कल्याण सभा के संस्थापक अध्यक्ष पंडित शरद कुमार पाण्डेय ने कहा कि देव दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि सनातन आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का महापर्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके अत्याचार से मुक्त कराया था। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीपोत्सव मनाया, तभी से देव दीपावली श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाती है।
उन्होंने कहा कि कार्तिक मास भगवान विष्णु की आराधना, गंगा स्नान, दीपदान और पुण्य कर्मों के लिए विशेष महत्व रखता है। दीपदान का संदेश जीवन से अज्ञान, अहंकार और नकारात्मकता के अंधकार को दूर कर ज्ञान, धर्म, सेवा और सद्भाव का प्रकाश फैलाना है। शूकरक्षेत्र धाम भगवान श्रीहरि विष्णु के वराह अवतार की पावन भूमि और सनातन आस्था का गौरवशाली केंद्र है। हरि की पौड़ी श्री गंगा जी का धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व देशभर में पहुंचना चाहिए।
आदित्य काकोरिया ने कहा कि देव दीपावली जैसे आयोजन हमारी धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज को अपनी संस्कृति और तीर्थों के प्रति जोड़ने का कार्य करते हैं। शूकरक्षेत्र की धार्मिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए।
आशुतोष त्रिवेदी ने कहा कि दीपोत्सव केवल प्रकाश का पर्व नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और धार्मिक चेतना का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और तीर्थों के महत्व को समझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जय किशन तिवारी ने कहा कि हरि की पौड़ी पर दीपदान का यह दृश्य शूकरक्षेत्र की धार्मिक महिमा और श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है। सभी लोगों को अपने धार्मिक स्थलों की स्वच्छता, सम्मान और संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
अभिषेक वशिष्ठ ने कहा कि देव दीपावली जैसे धार्मिक आयोजनों में समाज की सामूहिक सहभागिता से संस्कृति और परंपराओं को मजबूती मिलती है। शूकरक्षेत्र की प्राचीन धार्मिक धरोहर और महिमा को देश-विदेश तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
इस अवसर पर आयोजकों ने श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए मंदिरों के सम्मान, तीर्थों के उत्थान और प्राचीन धार्मिक धरोहरों के संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शूकरक्षेत्र धाम की धार्मिक महिमा और ऐतिहासिक पहचान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे।
वहीं कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु नानक जयंती के अवसर पर हरि की पौड़ी स्थित गुरुद्वारे को भी भव्य विद्युत सजावट और झालरों से सजाया गया। रोशनी से जगमग गुरुद्वारे ने धार्मिक सौहार्द, श्रद्धा और उत्सव की छटा बिखेरी।
कार्यक्रम में शरद पाण्डेय, शिव जी, गुरु दत्त निर्भय, अनुपम अनु, प्रशांत चौधरी, शशांक दीक्षित, हर्ष निर्भय, आशीष भारद्वाज, शैलेश यादव, विकास हवा, धनदीप शर्मा, हिमांशु उपाध्याय, राम भजन तिवारी, संजय उपाध्याय, अंशुल राम लोटा, आकाश दुबे, आदित्य काकोरिया, आशुतोष त्रिवेदी, राहुल पचौरी, अभिषेक वशिष्ठ, केशव महेरे, जय किशन तिवारी सहित अनेक श्रद्धालु एवं नगरवासी मौजूद रहे।
आयोजन का संदेश रहा—
मंदिरों का सम्मान हो, तीर्थों का उत्थान हो, शूकरक्षेत्र की महिमा का, विश्व में गुणगान हो।
Author: Soron Live 24

