एआरटीओ आरपी मिश्र की अगुवाई में सड़क सुरक्षा अभियान, 206 वाहनों पर कार्रवाई, 5.70 लाख का जुर्माना
सड़क सुरक्षा पखवाड़े में हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर चला अभियान, वाहनों पर लगाए रिफ्लेक्टिव टेप

कासगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत परिवहन विभाग ने अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। 22 और 23 नवंबर को चलाए गए अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 206 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5.70 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क लगाया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) आरपी मिश्र की अगुवाई में चलाए गए अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग न करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसके अलावा रांग साइड वाहन चलाने, निर्धारित गति से अधिक तेज वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने, बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी), बिना बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में भी प्रवर्तन कार्रवाई की गई। मालवाहक वाहनों में यात्रियों का परिवहन करने वालों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित कर नियमों का पालन करने की अपील की गई। कोहरे के मौसम को देखते हुए विभिन्न ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप भी लगाए गए, जिससे कम दृश्यता के दौरान वाहन आसानी से दिखाई दे सकें। वाहन चालकों से रिफ्लेक्टिव टेप लगाए बिना वाहन संचालित न करने की अपील की गई।
अभियान में एआरटीओ आरपी मिश्र, यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह तथा परिवहन विभाग के प्रवर्तन कर्मी शामिल रहे। अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की।
#Kasganjnews
Author: Soron Live 24

