भरत मिलाप, शबरी प्रेम और हनुमान भक्ति के प्रसंगों से भावविभोर हुए श्रद्धालु, श्रीराम राज्याभिषेक के साथ रामकथा का समापन

भरत मिलाप, शबरी प्रेम और हनुमान भक्ति के प्रसंगों से भावविभोर हुए श्रद्धालु, श्रीराम राज्याभिषेक के साथ रामकथा का समापन

सोरों जी। शूकर क्षेत्र सोरों के ग्राम पटकियां में चल रही नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का समापन रविवार को भक्तिमय एवं भावपूर्ण वातावरण में हुआ। कथा के अंतिम दिन कथा व्यास चाकर जी महाराज ने भरत मिलाप, माता शबरी के प्रेम, श्रीराम-सुग्रीव मित्रता, हनुमान जी की अनन्य भक्ति तथा भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे पंडाल में जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।

कथा के दौरान चित्रकूट में भरत मिलाप का प्रसंग सुनाते हुए चाकर जी महाराज ने कहा कि रामायण में भाइयों के प्रेम, त्याग और समर्पण की अनुपम मिसाल देखने को मिलती है। जहां श्रीराम पिता के वचन की मर्यादा निभाने और भाई भरत के सुख के लिए चौदह वर्ष का वनवास स्वीकार करते हैं, वहीं भरत राजसिंहासन त्यागकर बड़े भाई को वापस लाने के लिए वन की ओर चल पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि राम और भरत का प्रेम पूरी मानवता के लिए आदर्श है।

माता शबरी के प्रसंग में महाराज ने बताया कि भगवान भाव और प्रेम के भूखे हैं। जाति-पाति, ऊंच-नीच से परे निश्छल प्रेम ही प्रभु प्राप्ति का सबसे सरल मार्ग है। शबरी के प्रेमपूर्वक अर्पित बेर स्वीकार कर भगवान श्रीराम ने भक्ति की महिमा को संसार के सामने स्थापित किया। इसके बाद श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि सच्चा मित्र वही है जो संकट के समय बिना स्वार्थ के साथ खड़ा रहे और मित्र को उचित मार्ग दिखाए।

भगवान श्रीराम और हनुमान जी के संबंध का वर्णन करते हुए चाकर जी महाराज ने हनुमान जी को निष्काम भक्ति एवं निःस्वार्थ सेवा का सर्वोच्च उदाहरण बताया। माता सीता का संदेश लेकर लौटने पर प्रभु श्रीराम ने हनुमान जी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा—

“सुनु कपि तोहि समान उपकारी। नहिं कोउ सुर नर मुनि तनुधारी।।“

इस प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। कथा के दौरान रामभक्त ले चला रे राम की निशानी, कब दर्शन देंगे राम परम हितकारी, राम कहानी सुनो रे राम कहानी, राम नाम आधार जिन्हें वो जल में राह बनाते हैं सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिरस में सराबोर रहा।

भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का वर्णन करते हुए चाकर जी महाराज ने कहा कि श्रीराम का राज्याभिषेक केवल सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि धर्म, सत्य और मर्यादा की विजय का प्रतीक है। जहां शासक स्वयं को जनता का सेवक समझे तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा कायम रहे, वहीं सच्चे रामराज्य की स्थापना होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से रामकथा के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।

कथा समापन पर कथा व्यास चाकर जी महाराज को शॉल, पगड़ी, माला, दुपट्टा, फल, आकर्षक उपहार एवं राम परिवार का चित्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर लव तिवारी, विक्की पचौरी, दुर्गेश तिवारी, वैभव पचौरी, अंशुमान तिवारी, संजय मौर्य (न्यू संजय मौर्य ट्रेडिंग कंपनी), योगेश उपाध्याय, धर्मयात्रा महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजीव बरबारिया, सुमित दीक्षित, सचिन दीक्षित, दीपक निर्भय, रामनरेश सक्सेना, सागर सनातनी, राकेश उपाध्याय, बागीश उपाध्याय, अवधेश भारद्वाज, सत्येंद्र उपाध्याय, प्रदीप सक्सेना सहित समस्त ग्रामवासी मौजूद रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *