सड़क सुरक्षा पखवाड़ा: मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई, 15 वाहन चालान व 3 निरुद्ध

सड़क सुरक्षा पखवाड़ा: मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई, 15 वाहन चालान व 3 निरुद्ध

हेलमेट, सीटबेल्ट और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया; कुल 107 वाहनों के चालान, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लगाए रिफ्लेक्टिव टेप

कासगंज। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और वाहन चालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 15 वाहनों के चालान किए गए, जबकि तीन वाहनों को निरुद्ध किया गया।

अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया गया। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, रॉन्ग साइड वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की गई। सड़क सुरक्षा नियमों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।

इसके अलावा समाजसेवी संस्था कासगंज के सहयोग से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए। वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए भविष्य में बिना हेलमेट वाहन न चलाने की हिदायत दी गई।

सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, माल वाहनों में सवारियां ढोने, रॉन्ग साइड वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने तथा निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग करने के मामलों में भी कार्रवाई की गई। इन अभियोगों में कुल 107 वाहनों के चालान किए गए।

वहीं कोहरे के मौसम को देखते हुए विभिन्न ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए। वाहन चालकों से अपील की गई कि कोहरे के दौरान सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप जरूर लगवाएं और बिना रिफ्लेक्टिव टेप के वाहन संचालित न करें।

अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आरपी मिश्र, क्षेत्राधिकारी यातायात रजनीश उपाध्याय, यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह, समाजसेवी संस्था कासगंज के पदाधिकारी तथा प्रवर्तन कर्मी शामिल रहे।

सड़क सुरक्षा पखवाड़ा 16 से 30 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन संचालन को लेकर लगातार जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *