वन गमन, केवट की अनन्य भक्ति और दशरथ वियोग के मार्मिक प्रसंगों ने भाव-विभोर किए श्रद्धालु

वन गमन, केवट की अनन्य भक्ति और दशरथ वियोग के मार्मिक प्रसंगों ने भाव-विभोर किए श्रद्धालु

ग्राम पटकियां में श्रीराम कथा के सप्तम दिवस उमड़ा भक्ति का सैलाब, चाकर जी महाराज के भजनों पर भावुक हुए श्रोता; कथा व्यास का पगड़ी, माला व श्रीराम चित्र भेंटकर किया सम्मान

सोरों जी (कासगंज)। सोरों शूकर क्षेत्र के ग्राम पटकियां में आयोजित श्रीराम कथा के सप्तम दिवस श्रद्धा, भक्ति और भावुकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा व्यास पंडित राघव चाकर जी महाराज ने प्रभु श्रीराम के वन गमन, केवट की अनन्य भक्ति तथा राजा दशरथ के पुत्र वियोग जैसे हृदयस्पर्शी प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति और करुणा के सागर में डुबो दिया।

कथा के दौरान चाकर जी महाराज ने बताया कि पिता महाराज दशरथ की आज्ञा का पालन करते हुए प्रभु श्रीराम माता सीता और अनुज लक्ष्मण के साथ वन के लिए प्रस्थान करते हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का त्याग, आज्ञाकारिता और धर्म के प्रति समर्पण प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणादायी है। गंगा तट पर केवट द्वारा प्रभु श्रीराम के चरण पखारने और उन्हें नाव से गंगा पार कराने का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। केवट की निष्कपट भक्ति, प्रेम और समर्पण ने कथा पंडाल में उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

इसके बाद पुत्र वियोग में व्याकुल राजा दशरथ के जीवन के अंतिम प्रसंग का वर्णन किया गया। श्रीराम के वन जाने के वियोग में महाराज दशरथ के प्राण त्यागने का प्रसंग सुनकर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और कथा स्थल पर वातावरण अत्यंत भावुक हो गया।

भजनों ने बांधा श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में

कथा के दौरान चाकर जी महाराज ने ‘मत जाओ, मत जाओ मेरे राम, अयोध्या छोड़ के वन मत जाओ’, ‘विधना तेरे लेख किसी के समझ न आते हैं’, ‘कभी-कभी भगवान को भी भक्तों से काम पड़े’ और ‘रघुराई, हे रघुराई, पग धोकर नाव चढ़ाइयों’ जैसे भजनों का भावपूर्ण गायन किया। भजनों की धुन और भावपूर्ण प्रस्तुति से श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।

कथा व्यास का किया भव्य अभिनंदन

श्रीराम कथा के दौरान व्यास मंच पर पहुंचकर ग्राम प्रधान पुष्पेंद्र यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. अनीता उपाध्याय, महिला पाठशाला के प्रधानाचार्य पंडित हेमेन्द्र शास्त्री, रवींद्र महाराजा, बाबा अभिराज दास, मोहन बाबू तिवारी, मनोज उपाध्याय, राकेश उपाध्याय सहित अनेक श्रद्धालुओं ने कथा व्यास पंडित राघव चाकर जी महाराज का पगड़ी, माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। साथ ही भगवान श्रीराम का चित्र भेंटकर उनका सम्मान व अभिनंदन किया।

ये रहे उपस्थित इस अवसर पर ग्राम प्रधान पुष्पेंद्र यादव, धर्मयात्रा महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजीव बरबारिया, योगेश उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष (महिला मोर्चा) डॉ. अनीता उपाध्याय, बागीश उपाध्याय, हेमेन्द्र शास्त्री, रवींद्र महाराजा, क्षेमेंद्र शास्त्री, राकेश उपाध्याय, पंडित शशिधर द्विवेदी, पंडित सत्यप्रकाश अबोध, उत्कर्ष उपाध्याय, मोहन तिवारी, मनोज उपाध्याय, गोपाल बरबारिया, गिरीश पाठक, बाबा अभिराज दास, सुमित दीक्षित, राजेंद्र उपाध्याय, अवधेश भारद्वाज, सत्येंद्र उपाध्याय, प्रदीप सक्सैना, प्राग्येश द्विवेदी, कुलदीप पंडित, प्रेमनारायण उपाध्याय, निक्की उपाध्याय, हार्दिक गौड़, माधव, अरुण, सम्राट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

आयोजित श्रीराम कथा के माध्यम से ग्राम पटकियां में धार्मिक आस्था, प्रभु श्रीराम के आदर्शों और भक्ति भावना का संदेश जन-जन तक पहुंच रहा है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *