घर-घर गूंजे देवोत्थान एकादशी के मंगल गीत, श्रद्धा और भक्ति के साथ जगाए गए भगवान विष्णु

घर-घर गूंजे देवोत्थान एकादशी के मंगल गीत, श्रद्धा और भक्ति के साथ जगाए गए भगवान विष्णु

तुलसी विवाह एवं देव जागरण की परंपरा निभाई गई, गन्ने के मंडप में शालिग्राम-तुलसी पूजन, सिंघाड़ा, मूली, बेर और मौसमी फलों का लगाया भोग

कासगंज। देवोत्थान एकादशी के पावन पर्व पर शुक्रवार को जनपद भर में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला। घर-घर में भगवान विष्णु एवं माता तुलसी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। देर शाम सनातन परंपरा के अनुसार देव उठाए गए और भगवान विष्णु को चातुर्मास की योगनिद्रा से जगाने का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस दौरान महिलाओं और परिवार के सदस्यों ने मंगल गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

देवोत्थान एकादशी पर घरों में भगवान विष्णु एवं माता तुलसी के पूजन के लिए विशेष तैयारियां की गईं। आंगन और पूजा स्थल को साफ-सुथरा कर रंगोली, दीपक एवं फूलों से सजाया गया। कई घरों में गन्ने का मंडप बनाकर उसके नीचे भगवान शालिग्राम एवं माता तुलसी को विराजमान कराया गया। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ देव जागरण की पूजा की और भगवान विष्णु की भव्य आरती उतारी।

पूजन के दौरान भगवान को सिंघाड़ा, मूली, बेर, गन्ना, सकल गंजी एवं विभिन्न मौसमी फल अर्पित किए गए। दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान विष्णु से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, आरोग्यता और मंगल की कामना की गई। महिलाओं ने देव उठाने की पारंपरिक रस्म निभाते हुए भगवान विष्णु को चरण निद्रा से जागृत किया और घरों में भक्ति गीतों एवं मंगलगान की गूंज रही।

### चातुर्मास के समापन के साथ शुरू होंगे मांगलिक कार्य

सनातन धर्म में देवोत्थान एकादशी का विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा में जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागृत होते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है तथा विवाह, गृह प्रवेश सहित विभिन्न मांगलिक एवं शुभ कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। देवोत्थान एकादशी को तुलसी विवाह की परंपरा भी श्रद्धालुओं द्वारा विशेष उत्साह के साथ निभाई जाती है।

देवोत्थान एकादशी के अवसर पर कासगंज जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर भगवान विष्णु का स्वागत किया। घरों में जलाए गए दीपों, गूंजते भक्ति गीतों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया। लोगों ने भगवान विष्णु एवं माता तुलसी से परिवार और समाज में सुख, शांति, समृद्धि तथा सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की।
#देवोत्थानएकादशी

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *