मार्गशीर्ष शूकरक्षेत्र महोत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर

18 दिसंबर से 11 जनवरी तक चलेगा प्रांतीय मेला, मोक्षदा एकादशी पर 15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
कासगंज। तीर्थ नगरी सोरों शूकरक्षेत्र में आयोजित होने वाले प्रांतीय मेला मार्गशीर्ष शूकरक्षेत्र महोत्सव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस वर्ष मेला 18 दिसंबर 2026 से 11 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा।
बैठक में मेले के प्रमुख धार्मिक आयोजनों एवं स्नान पर्वों की रूपरेखा पर चर्चा हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 दिसंबर को सिक्ख धर्म प्रकाश पर्व नगर भ्रमण यात्रा निकलेगी। 20 दिसंबर को मोक्षदा एकादशी पर मुख्य शाही स्नान, विशाल पंचकोषीय परिक्रमा तथा भगवान श्री श्याम वराह एवं श्री श्वेत वराह की भव्य शोभायात्रा आयोजित होगी। इसके बाद 21 दिसंबर को महामंडलेश्वर निरंजनी शाही स्नान, 22 दिसंबर को नागा साधु शाही स्नान और 23 दिसंबर को पूर्णिमा शाही स्नान होगा।
पंचकोषीय परिक्रमा में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब
मोक्षदा एकादशी पर आयोजित होने वाली पंचकोषीय परिक्रमा में देश के विभिन्न प्रांतों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। गत वर्षों के अनुभव के आधार पर इस बार भी लगभग 15 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे परिक्रमा मार्ग पर सफाई, पेयजल, प्रकाश, सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम आलोक कुमार गुप्ता, एसडीएम सदर एसएन त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी विवेक त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष सोरों रामेश्वर दयाल महेरे सहित संबंधित अधिकारी एवं संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

