ब्राह्मण कल्याण सभा ने धार्मिक आयोजनों की बनाई रूपरेखा, 20 नवंबर को होगा 51 किलो दूध से मां गंगा का दुग्धाभिषेक

ब्राह्मण कल्याण सभा ने धार्मिक आयोजनों की बनाई रूपरेखा, 20 नवंबर को होगा 51 किलो दूध से मां गंगा का दुग्धाभिषेक

24 नवंबर को देव दीपावली पर घाटों पर जलेगा आस्था का दीपोत्सव, 20 दिसंबर को प्रस्तावित महापंचकोशीय परिक्रमा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी

सोरों जी (कासगंज)। शूकरक्षेत्र धाम सोरों जी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने तथा सनातन परंपराओं को सामूहिक सहभागिता के साथ आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ब्राह्मण कल्याण सभा की आवश्यक बैठक रेलवे रोड स्थित पंडित राम गोविंद महेरे के आवास पर संस्थापक अध्यक्ष पंडित शरद कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में आगामी देवउठनी एकादशी, देव दीपावली एवं मोक्षदा एकादशी पर आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विस्तार से चर्चा की गई। बैठक से पूर्व सदस्यों ने अस्वस्थ चल रहे पंडित राम गोविंद महेरे का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को देवउठनी एकादशी के अवसर पर प्रातः 8 बजे हरि की पौड़ी स्थित मां गंगा का 51 किलो दूध से दुग्धाभिषेक एवं पूजन किया जाएगा। इसके बाद प्रातः 8:30 बजे देव पूजन एवं प्रसादी वितरण होगा तथा सुबह 9 बजे शूकरक्षेत्र धाम की पंचकोशीय परिक्रमा प्रारंभ की जाएगी।

वहीं 24 नवंबर, मंगलवार को देव दीपावली के अवसर पर शाम 5 बजे हरि की पौड़ी स्थित गंगा तट पर भव्य दीपोत्सव आयोजित होगा। शाम 5:30 बजे भगवान श्रीवराह विश्राम घाट पर दीप प्रज्वलन एवं आरती की जाएगी। नगर के अन्य प्रमुख घाटों पर भी दीपोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

इसके साथ ही 20 दिसंबर 2026, रविवार को मोक्षदा एकादशी पर प्रस्तावित महापंचकोशीय परिक्रमा को व्यापक जनसहभागिता के साथ ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रचार-प्रसार एवं जनसंपर्क की रणनीति तैयार की गई।

संस्थापक अध्यक्ष पंडित शरद कुमार पाण्डेय ने कहा कि शूकरक्षेत्र धाम सोरों जी केवल एक तीर्थस्थल नहीं, बल्कि भगवान श्रीवराह विष्णु की पावन अवतार एवं मोक्षस्थली और सनातन आस्था की अमूल्य धरोहर है। यहां की धार्मिक महिमा, प्राचीन तीर्थ परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को पुस्तकों तक सीमित न रखकर जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि प्रत्येक एकादशी, धार्मिक पर्व और आयोजन शूकरक्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करे। हरि की पौड़ी पर गंगा पूजन, घाटों पर दीपोत्सव और पंचकोशीय परिक्रमा किसी एक व्यक्ति अथवा संस्था का आयोजन नहीं, बल्कि समस्त सनातन समाज का सामूहिक अभियान है। उन्होंने सभी से दलगत, सामाजिक एवं व्यक्तिगत सीमाओं से ऊपर उठकर आयोजनों में सहभागिता करने की अपील की।

बैठक में रामभजन तिवारी, नरेश जी बरबारिया, सौरभ उपाध्याय, राहुल शर्मा, जयप्रकाश त्रिवेदी एवं नगर अध्यक्ष धनदीप दखिर्रा (लालू) ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए, जिन्हें सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।

इस अवसर पर पंडित शरद कुमार पाण्डेय, रामभजन तिवारी, नरेश जी बरबारिया, पंडित राम गोविंद महेरे, सौरभ उपाध्याय, जयप्रकाश त्रिवेदी, सोमदत्त पाठक, अर्जुन मिश्रा, शशांक दीक्षित, अभिषेक चतुर्वेदी, हरिओम पचौरी, शिव बैंदेल एवं राहुल शर्मा उपस्थित रहे।

अंत में ब्राह्मण कल्याण सभा ने समस्त सनातन धर्मावलंबियों से इन आयोजनों में सहभागी बनकर शूकरक्षेत्र धाम सोरों जी की गौरवशाली धार्मिक परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार में योगदान देने का आह्वान किया।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *