घने कोहरे में डिवाइडर से टकराकर हाईवे से नीचे उतरी यात्रियों से भरी बस, बड़ा हादसा टला

बरेली से जयपुर जा रही बस में सवार थे करीब 50 यात्री, डायवर्जन का डिवाइडर दिखाई न देने से हुआ हादसा; सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बसों से भेजा गया
मोहनपुरा (कासगंज)। कासगंज-सिकंदराराऊ मार्ग पर शनिवार देर रात करीब 1:20 बजे मुखिया जी कोल्ड स्टोरेज के पास यात्रियों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बरेली से जयपुर जा रही इस बस में करीब 50 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, हाईवे पर पुल निर्माण कार्य के चलते यातायात के लिए रूट डायवर्जन किया गया था। शनिवार देर रात घना कोहरा छाया होने के कारण बस चालक को डायवर्जन के लिए लगाए गए डिवाइडर दिखाई नहीं दिए। इसके चलते बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और हाईवे से नीचे उतर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली कासगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। बस चालक की पहचान फरमान पुत्र बाबू निवासी बरखेड़ा, पीलीभीत तथा परिचालक की पहचान जैगम पुत्र शाहीन हैदर निवासी नवाबगंज, बरेली के रूप में हुई।
पुलिस ने यात्रियों को उनके गंतव्य के अनुसार तीन अन्य बसों में बैठाकर सकुशल रवाना कराया। मौके पर मोहनपुरा चौकी प्रभारी डॉ. महेश कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
कासगंज ब्यूरो
Author: Soron Live 24

