भाई दूज पर दर्दनाक हादसा: ऑटो पलटने से सात लोग घायल, 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

भाई दूज पर दर्दनाक हादसा: ऑटो पलटने से सात लोग घायल, 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

ऑटो के सामने अचानक आया जंगली सुअर, चालक ने खोया नियंत्रण; घायलों में बच्चे भी शामिल, बुजुर्ग की मौत से परिवार में मचा कोहराम

एटा यूपी । भाई दूज के पर्व पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोग घायल हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा एटा जिले के मिरहची थाना क्षेत्र में सिंघावली गांव के निकट कासगंज-एटा हाईवे पर हुआ। हादसे में बच्चे भी घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, कासगंज जनपद के हिम्मतपुर सई गांव से एक परिवार ऑटो में सवार होकर फिरोजाबाद जिले के नगला सूट जा रहा था। इसी दौरान सिंघावली गांव के पास अचानक ऑटो के सामने जंगली सुअर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया।

दुर्घटना में ऑटो सवार सात लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायल राहुल ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ हिम्मतपुर सई गांव से नगला सूट जा रहे थे। रास्ते में अचानक जंगली सुअर ऑटो के सामने आ गया, जिसके चलते यह हादसा हो गया।

जे मिरहची थाना प्रभारी विदेश राठी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल गिरीश पाराशर पुत्र बाबूलाल, निवासी मोहल्ला चंदन चौक सोरों  कासगंज, उम्र करीब 65 वर्ष की मौत हो गई।

बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। भाई दूज के पर्व पर हुए इस हादसे से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस फरार ऑटो चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच में जुटी है।

सचिन उपाध्याय जिला ब्यूरो, दैनिक श्रीजी एक्सप्रेस एडिटर इन चीफ – Soron Live 24

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *