धनतेरस पर बाजारों में उमड़ा खरीदारी का सैलाब, कासगंज में करोड़ों का कारोबार





सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और वाहनों तक की हुई जमकर बिक्री, देर रात तक गुलजार रहे बाजार
कासगंज। धनतेरस के पर्व पर शुक्रवार को कासगंज जनपद के बाजारों में रौनक अपने चरम पर रही। शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। सोने-चांदी के आभूषणों, चांदी के सिक्कों, बर्तनों, इलेक्ट्रॉनिक सामान, वाहनों और नए कपड़ों की दुकानों पर देर रात तक खरीदारों की चहल-पहल बनी रही। पर्व पर जनपद में करोड़ों रुपये का कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
कासगंज, तीर्थ नगरी सोरों, सहावर, अमांपुर, गंजडुंडवारा, पटियाली और बिलराम सहित जनपद के प्रमुख कस्बों में धनतेरस की खरीदारी को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के, पीतल, तांबे और स्टील के बर्तनों की खरीदारी की। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर भी टीवी, फ्रिज, मोबाइल सहित विभिन्न घरेलू उपकरण खरीदने के लिए ग्राहक पहुंचे। दीपावली के मद्देनजर नए कपड़ों, सजावटी सामान, मिठाइयों और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी खूब बिक्री हुई।
सर्राफा और बर्तन बाजार में रही सबसे ज्यादा चहल-पहल
धनतेरस पर सोने-चांदी की वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है। इसी परंपरा के चलते सर्राफा बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने सोने के आभूषणों के साथ चांदी के सिक्के और अन्य वस्तुएं खरीदीं। बर्तन बाजार में भी महिलाओं और परिवारों ने अपनी पसंद के अनुसार बर्तनों की खरीदारी की। पर्व को लेकर दुकानदारों ने प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया था।
घरों में हुई भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना
धनतेरस के अवसर पर घरों में भगवान धन्वंतरि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। लोगों ने सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना करते हुए दीप प्रज्ज्वलित किए। धार्मिक मान्यता के अनुसार धनतेरस पर खरीदारी और भगवान धन्वंतरि की पूजा का विशेष महत्व है। इसी के साथ पांच दिवसीय दीपावली पंच महोत्सव का शुभारंभ भी हो गया।
सुरक्षा को लेकर बाजारों में मुस्तैद रही पुलिस
बाजारों में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाजारों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही यातायात और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
धनतेरस के अवसर पर पूरे जनपद में उत्सव और उल्लास का माहौल दिखाई दिया। देर रात तक बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। अच्छी बिक्री से व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आए।
शुभ कामनाएं संदेश👇👇👇👇





Author: Soron Live 24

