दीपावली पर स्वच्छता व्यवस्था परखने सड़कों पर उतरे डीएम, मिट्टी के दीये खरीदकर दिया स्वदेशी अपनाने का संदेश

दीपावली पर स्वच्छता व्यवस्था परखने सड़कों पर उतरे डीएम, मिट्टी के दीये खरीदकर दिया स्वदेशी अपनाने का संदेश

बाजारों और प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश; स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने की अपील

 

दीपावली शुभकामनाएं संदेश 👇👇

 

कासगंज। दीपावली पर्व को लेकर शहर में स्वच्छता एवं जनसुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने नगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख सड़कों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं नगर निकाय के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि दीपावली के दौरान विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर शहर को साफ एवं सुंदर बनाया जाए। बाजारों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई के साथ कूड़े का समयबद्ध उठान सुनिश्चित किया जाए। नालियों की सफाई, कूड़ेदानों की उपलब्धता तथा प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार किए गए मिट्टी के दीयों की खरीदारी भी की। उन्होंने कारीगरों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मिट्टी के दीये हमारी परंपरा, संस्कृति और लोककला के प्रतीक हैं। स्थानीय कारीगरों से खरीदारी करने से उन्हें आर्थिक संबल मिलता है और उनके पारंपरिक व्यवसाय को बढ़ावा मिलता है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि दीपावली पर स्थानीय कुम्हारों एवं कारीगरों द्वारा निर्मित मिट्टी के दीयों और अन्य स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और कारीगरों के परिवारों की आजीविका को सहारा मिलेगा।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में स्वच्छता, सुरक्षा और जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों से अपने घरों के साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने तथा कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर कासगंज, सुरक्षित दीपावली और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समस्त जनपदवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *