मिशन शक्ति फेज-6 से महिलाओं में जगाया सुरक्षा और स्वावलंबन का विश्वास

स्कूल-कॉलेजों से लेकर गांव-देहात और बाजारों तक पहुंची कासगंज पुलिस की टीमें, छात्राओं व महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
कासगंज। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर कासगंज पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण में विभिन्न थाना क्षेत्रों की मिशन शक्ति टीमों, एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला सुरक्षा दल ने स्कूल-कॉलेजों से लेकर गांव-देहात, कस्बों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया।
अभियान के दौरान विभिन्न इंटर कॉलेजों एवं डिग्री कॉलेजों में चौपाल और जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन कर छात्राओं से सीधा संवाद किया गया। पुलिस टीमों ने उन्हें विपरीत परिस्थितियों में घबराने के बजाय साहस और सूझबूझ से काम लेने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आत्मनिर्भर और सशक्त बनने का संदेश दिया।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आपातकालीन सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें छेड़खानी एवं उत्पीड़न की शिकायत के लिए 1090, पुलिस सहायता के लिए 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 शामिल हैं। पुलिस टीमों ने बताया कि जरूरत पड़ने पर इन नंबरों के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
गांवों और बाजारों में भी चलाया जागरूकता अभियान
ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पंपलेट वितरित कर दी गई। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं। वहीं बाजारों, चौराहों, बस स्टैंडों और धार्मिक स्थलों पर महिलाओं को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा छेड़खानी की घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस मुस्तैद
कासगंज पुलिस का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं के मन से भय दूर कर उनमें आत्मविश्वास पैदा करना और समाज में सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण तैयार करना है। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में एंटी रोमियो अभियान और चेकिंग को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उन्हें सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Author: Soron Live 24

