दरियावगंज में ही बने मिनी स्टेडियम, क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर बुलंद की आवाज

ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच, विधायक, सांसद और जिलाधिकारी से निर्माण को प्राथमिकता देने की अपील
दरियावगंज (कासगंज)। क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से दरियावगंज में मिनी स्टेडियम निर्माण की मांग तेज हो गई है। इसी क्रम में साँवरिया सेठ कंप्यूटर सेंटर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं जागरूक लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्तावित मिनी स्टेडियम का निर्माण थाना दरियावगंज क्षेत्र में ही कराए जाने की मांग उठाई गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि दरियावगंज भौगोलिक एवं सामाजिक दृष्टि से आसपास के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों का प्रमुख केंद्र है। यहां मिनी स्टेडियम का निर्माण होने से दरियावगंज सहित आसपास के गांवों के खिलाड़ियों को खेल अभ्यास और प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्र की अनेक खेल प्रतिभाओं को समुचित संसाधन और अभ्यास का अवसर नहीं मिल पाता है।
वक्ताओं ने कहा कि स्टेडियम बनने से क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों को बढ़ावा मिलेगा। युवाओं को दूरदराज के क्षेत्रों में अभ्यास के लिए नहीं जाना पड़ेगा और उनके समय व धन की बचत होगी। इसके साथ ही खेल गतिविधियों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिलेगा। स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्रीय विकास, स्थानीय व्यापार और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
बैठक के माध्यम से क्षेत्रीय विधायक, सांसद, समस्त जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की गई कि जनभावनाओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए दरियावगंज को प्राथमिकता प्रदान की जाए।
क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति विशेष से जुड़ी नहीं है, बल्कि आसपास के गांवों के युवाओं, खिलाड़ियों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से संबंधित है। सभी ने एकजुट होकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और इसके लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
क्षेत्रवासियों ने एक स्वर में मांग की कि मिनी स्टेडियम का निर्माण थाना दरियावगंज, जनपद कासगंज में ही कराया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का उचित अवसर मिल सके।
Author: Soron Live 24

