सोरों की हरि की पैड़ी पर बाइक प्रतिबंधित करने की मांग, जिलाधिकारी को भेजा सुझाव पत्र

बुजुर्ग के साथ हुई दुर्घटना के बाद उठाया मुद्दा, परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था की मांग
सोरोंजी (कासगंज)। तीर्थ नगरी सोरों स्थित हरि की पैड़ी के परिक्रमा मार्ग पर बाइक संचालन से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर अशोक कुमार पांडेय ने जनहित में समस्या के समाधान की मांग उठाई है। उन्होंने जिलाधिकारी को सुझाव पत्र भेजकर परिक्रमा मार्ग पर बाइक संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित करने अथवा श्रद्धालुओं के लिए फुटपाथ की व्यवस्था कराने का आग्रह किया है।
पत्र में 16 सितंबर 2026 को हुई एक दुर्घटना का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि हादसे में लगभग 75 वर्षीय बुजुर्ग घायल हो गए थे। पत्र के अनुसार, उन्हें कान से खून आने, हाथ की हड्डी टूटने और अन्य शारीरिक चोटों जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। इस घटना का हवाला देते हुए परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है।
परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग
अशोक कुमार पांडेय ने अपने सुझाव पत्र में कहा है कि हरि की पैड़ी के पूर्वी और पश्चिमी तटों पर पहले बाइक प्रतिबंधित करने की व्यवस्था की गई थी, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित रूप से परिक्रमा कर सकें और घाटों का सौंदर्य भी सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा, पर्यटन केंद्र और तुलसी पार्क आदि स्थानों तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध हैं। ऐसे में परिक्रमा मार्ग पर बाइक संचालन को दोबारा पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाना चाहिए।
फुटपाथ बनाने का भी दिया सुझाव
पत्र में यह भी सुझाव दिया गया है कि यदि बाइक प्रतिबंधित करने में प्रशासन को कठिनाई हो तो परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए फुटपाथ की व्यवस्था कराई जाए, ताकि पैदल चलने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और धार्मिक स्थल पर किसी अप्रिय घटना की आशंका कम हो।

अशोक कुमार पांडेय ने जिलाधिकारी से समस्या का समाधान कराने और की गई कार्रवाई से अवगत कराने का अनुरोध किया है। पत्र की एक प्रति नगर पालिका परिषद सोरों के अधिशासी अधिकारी को भी भेजकर स्थानीय स्तर पर समस्या के समाधान की मांग की गई है।
Author: Soron Live 24

