डॉ. राजकुमार लोधी को रालोद किसान प्रकोष्ठ में मिली प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी

लोधी समाज में मजबूत पकड़ और पार्टी में वर्षों की सक्रियता का मिला लाभ, मनोनयन से समर्थकों में उत्साह
कासगंज। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में डॉ. राजकुमार लोधी को किसान प्रकोष्ठ का प्रदेश सचिव मनोनीत किया है। लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर पदाधिकारियों ने उन्हें मनोनयन पत्र सौंपा। उनके प्रदेश सचिव बनने की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
डॉ. राजकुमार लोधी की जनपद कासगंज के लोधी समाज में अच्छी पकड़ मानी जाती है। वह पिछले कई वर्षों से राष्ट्रीय लोकदल में सक्रिय रहकर संगठनात्मक गतिविधियों में योगदान दे रहे हैं। उनकी सामाजिक और राजनीतिक सक्रियता को देखते हुए उन्हें प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. राजकुमार लोधी को पूर्व सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया और अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा का करीबी भी माना जाता है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे संगठन के विस्तार, किसानों की समस्याओं को उठाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की जा रही है।
उनके मनोनयन को जनपद कासगंज में रालोद के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस दौरान रालोद के जिलाध्यक्ष शमीम अहमद अल्वी, अविनाश लोधी सहित पार्टी के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

