बीज विक्रेताओं पर कृषि विभाग की छापेमारी, सात नमूने जांच को भेजे

अभिलेख अधूरे मिलने पर पांच प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस, किसानों को बिल देना अनिवार्य
कासगंज। किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला अधिकारी के निर्देश पर जनपद की कासगंज, सहावर और पटियाली तहसीलों में बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमार कार्रवाई की गई। इसके लिए तीनों तहसीलों में अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
कासगंज तहसील में जिला कृषि अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी सदर, सहावर तहसील में उप कृषि निदेशक एवं उपजिलाधिकारी सहावर तथा पटियाली तहसील में उपजिलाधिकारी पटियाली एवं अपर जिला कृषि अधिकारी के नेतृत्व में टीमों ने बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सात बीज नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
जांच के दौरान हरिहर सीड्स मोहनपुरा, मनाली सीड्स मोहनपुरा, बालाजी ट्रेडिंग कंपनी मोहनपुरा, कृष्णा खाद बीज भंडार अमांपुर रोड कासगंज और मैसर्स आदित्य इंटरप्राइजेज बरी बगवास, गंजडुंडवारा के अभिलेख अपूर्ण पाए गए। इस पर संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला कृषि अधिकारी ने बीज विक्रेताओं को विक्रय रजिस्टर, स्टॉक, साइन बोर्ड और कैश मेमो सहित सभी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को बीज खरीदने पर अनिवार्य रूप से रसीद या बिल उपलब्ध कराने को कहा, ताकि बीज की गुणवत्ता और बिक्री संबंधी रिकॉर्ड सुनिश्चित किया जा सके।
Author: Soron Live 24

