खाद्य सुरक्षा विभाग के नाम पर वसूली की शिकायत, राहुल भारद्वाज से सतर्क रहें कारोबारी

लाइसेंस-पंजीकरण के नाम पर रुपये मांगने और कार्रवाई की धमकी देने की शिकायत पर विभाग ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति, सूचना के लिए मोबाइल नंबर भी किए जारी
कासगंज। जनपद कासगंज में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के नाम पर खाद्य कारोबारियों से कथित अवैध वसूली किए जाने की शिकायतों के बाद विभाग ने सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राहुल भारद्वाज नामक व्यक्ति से सावधान रहने की सूचना दी गई है। विभाग ने संबंधित व्यक्ति का फोटो भी जारी कर खाद्य कारोबारियों को जागरूक करने का प्रयास किया है।
विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राहुल भारद्वाज नाम का व्यक्ति कथित रूप से खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर लाइसेंस और पंजीकरण के नाम पर रुपये मांगता है। शिकायतों में यह भी कहा गया है कि वह खुद को विभागीय कर्मचारी बताकर कार्रवाई का भय दिखाता है और रुपये नहीं देने पर कार्रवाई की धमकी देता है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि राहुल भारद्वाज नाम का कोई व्यक्ति उसके यहां कार्यरत नहीं है और न ही उसका विभाग से कोई सरोकार है। खाद्य कारोबारियों से अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति विभाग के नाम पर धनराशि की मांग करता है या डराता-धमकाता है, तो उसकी सूचना तत्काल विभाग को दें।
शिकायत के लिए जारी किए मोबाइल नंबर
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शिकायत और सूचना के लिए मोबाइल नंबर 8218168229 और 9412833924 जारी किए हैं। कारोबारी कार्यालय जिलाधिकारी परिसर स्थित कमरा नंबर 09 में भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
विभाग का उद्देश्य खाद्य कारोबारियों को जागरूक करना और विभाग के नाम पर कथित ठगी व अवैध वसूली पर रोक लगाना है। विभाग ने अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को विभागीय अधिकारी या कर्मचारी बताकर रुपये देने से पहले उसकी पहचान की पुष्टि करें तथा ऐसी किसी भी घटना की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।
Author: Soron Live 24

