कासगंज में ज्वेलर्स की दुकान से सोने की चेन चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

पुराना सोना बदलवाने के बहाने दुकान पर पहुंचे थे महिला-पुरुष, फुटेज के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस
कासगंज। शहर के बारहद्वारी स्थित मुख्य बाजार में श्री अलंकार ज्वेलर्स की दुकान से सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, दुकान के संचालक वेदांत माहेश्वरी पुत्र विनोद माहेश्वरी की दुकान पर शाम करीब चार बजे एक महिला और पुरुष पुराने सोने के आभूषण बदलवाकर नया सामान लेने पहुंचे थे। दुकानदार ने उन्हें सोने के आभूषण दिखाए। इसी दौरान दोनों ने कथित तौर पर एक सोने की चेन छिपा ली। कुछ देर बाद सामान की जांच करने पर चेन गायब मिली।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर महिला और पुरुष चेन अपने पास रखते हुए दिखाई दिए। पुलिस फुटेज से प्राप्त तस्वीरों के आधार पर दोनों की पहचान कराने में जुटी है। मामले में जांच जारी है।
Author: Soron Live 24

