कासगंज में मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न पर यातायात पुलिस का शिकंजा, 3.20 लाख का जुर्माना
एक बुलेट मोटरसाइकिल सीज, 24 वाहन चालकों पर कार्रवाई; तीन वाहनों से मौके पर उतरवाए गए प्रेशर हॉर्न

कासगंज। जनपद में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसते हुए एक बुलेट मोटरसाइकिल को सीज किया गया, जबकि 24 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई कर कुल 3 लाख 20 हजार रुपये का ऑनलाइन शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। इसके अलावा तीन वाहनों से प्रेशर हॉर्न उतरवाकर मौके पर ही जब्त किए गए।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात रजनीश कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में प्रभारी यातायात लक्ष्मण सिंह ने रविवार, 25 अक्टूबर को यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान तेज आवाज उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर से लैस एक बुलेट मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया। वहीं, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले 24 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3.20 लाख रुपये का ऑनलाइन शमन शुल्क लगाया गया। यातायात पुलिस ने तीन वाहनों से प्रेशर हॉर्न हटवाकर उन्हें जब्त भी किया।
ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि बुलेट मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर और भारी वाहनों में प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल न करें। अनावश्यक तेज आवाज से आमजन को परेशानी होती है और ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है। पुलिस ने नियमों का पालन करने और ध्वनि प्रदूषण रोकने में सहयोग करने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Author: Soron Live 24

