शरद पूर्णिमा गंगा स्नान को लेकर कासगंज में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, 24 अक्टूबर रात 8 बजे से बदलेगा यातायात

शरद पूर्णिमा गंगा स्नान को लेकर कासगंज में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, 24 अक्टूबर रात 8 बजे से बदलेगा यातायात

25 अक्टूबर को गंगा स्नान पर्व पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, सोरों और कासगंज में बनाए गए चार पार्किंग स्थल; कई मार्गों पर वाहनों का रूट बदला

कासगंज। शरद पूर्णिमा गंगा स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 25 अक्टूबर 2026 को होने वाले गंगा स्नान पर्व पर विभिन्न जनपदों और राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लहरा गंगा घाट, कछला गंगा घाट और तीर्थ नगरी सोरों स्थित हरि की पैड़ी पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते यातायात जाम की समस्या से बचने के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू किया गया है।

यातायात डायवर्जन 24 अक्टूबर 2026 की रात 8 बजे से 25 अक्टूबर की रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान विभिन्न मार्गों से आने-जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों से गुजारा जाएगा।

इन मार्गों पर रहेगा यातायात डायवर्जन

1. एटा से बदायूं-बरेली जाने वाले वाहन: सभी प्रकार के वाहनों को एटा रोड स्थित सौरभ ढाबा से डायवर्ट कर अमरपुर घाट बाईपास, मंडी तिराहा कासगंज, सहावर और गंजडुंडवारा होते हुए कादरगंज गंगा पुल से बदायूं जनपद की सीमा में प्रवेश कराया जाएगा।

2. हाथरस से बदायूं-बरेली जाने वाले वाहन: वाहनों को नदरई तिराहा से सौरभ ढाबा एटा रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद अमरपुर घाट बाईपास, मंडी तिराहा कासगंज, सहावर और गंजडुंडवारा होते हुए कादरगंज गंगा पुल से बदायूं की सीमा में प्रवेश कराया जाएगा।

3. अलीगढ़ से बदायूं-बरेली जाने वाले वाहन: वाहनों को हजारा नहर पुल से मामों बाईपास और गोरहा नहर पुल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से सहावर और गंजडुंडवारा होते हुए कादरगंज गंगा पुल के रास्ते बदायूं की सीमा में प्रवेश कराया जाएगा।

4. कछला गंगा घाट से कासगंज आने वाले वाहन: सभी प्रकार के वाहनों को सोरों थाना क्षेत्र के नगरिया स्थित दुपहिया मोड़ से डायवर्ट कर यातगंज, सहावर, अमांपुर और सिनपुरा होते हुए उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

5. सोरों से बदायूं-बरेली जाने वाले वाहन: वाहनों को पुलिस चौकी नगरिया से पहले नगरिया तिराहा से शहबाजपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से कादरगंज गंगा पुल के रास्ते बदायूं जनपद की सीमा में प्रवेश कराया जाएगा।

6. बदायूं से कादरगंज गंगा पुल के रास्ते आने वाले भारी वाहन: इन वाहनों को तरसी तिराहा से पटियाली और सिढ़पुरा होते हुए उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बनाए गए चार पार्किंग स्थल

गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराने के लिए चार पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

  • पार्किंग स्थल-1: गोला कुआं के पास निर्माणाधीन सड़क पर
  • पार्किंग स्थल-2: घोड़ा मेला ग्राउंड, सोरों
  • पार्किंग स्थल-3: मेला ग्राउंड, सोरों
  • पार्किंग स्थल-4: पुरानी पुलिस लाइन

गंगा स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और जाम से बचाव के लिए वाहनों का संचालन निर्धारित रूट के अनुसार किया जाएगा। श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील है कि वे यातायात डायवर्जन का पालन करें और अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *