

एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
23 अक्टूबर को प्रस्तावित एमएलसी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बढ़ाने और अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
कासगंज। आगामी 23 अक्टूबर को प्रस्तावित एमएलसी चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार, 21 अक्टूबर को जिलाधिकारी प्रणय कुमार और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने पुलिस लाइन कासगंज स्थित सभागार में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की ब्रीफिंग कर चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा चुनाव ड्यूटी में तैनात अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
ब्रीफिंग में अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने और कमियों को समय रहते दूर कराने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी प्रणय कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और निर्वाचन संबंधी नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, अराजक और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर निरोधात्मक एवं अन्य विधिक कार्रवाई करने को कहा।
सोशल मीडिया पर रहेगी निगरानी
चुनाव के दौरान सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने और मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल न करने की भी हिदायत दी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ एमएलसी चुनाव को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना सुनिश्चित करें।
Author: Soron Live 24

