त्योहारों की सुरक्षा को लेकर सोरों में मुस्तैद दिखी पुलिस, एसपी ने पैदल गश्त कर परखी व्यवस्थाएं
एसपी ओपी सिंह ने एएसपी आलोक सिंह व सीओ आंचल चौहान के साथ किया निरीक्षण, सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आयोजकों से किया संवाद

सोरों (कासगंज)। आगामी त्योहारों और शारदीय नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कासगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान के साथ सोरों कस्बे में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस की इस सक्रियता से त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने की पहल की गई।
पैदल गश्त के दौरान एसपी ने बाजारों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता जांचने के साथ धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजकों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं, ताकि समय रहते उनका समाधान कराया जा सके। साथ ही संबंधित अधिकारियों को पुलिस की सक्रियता और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर रखें। धार्मिक स्थलों और पूजा पंडालों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए जाएं तथा जरूरत के अनुसार सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और आपत्तिजनक सूचनाओं पर सतर्क निगरानी रखने तथा ऐसी सूचनाओं का समयबद्ध खंडन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना पर तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कासगंज पुलिस ने आमजन से त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल-112 को सूचना देने का आग्रह किया गया है।
Author: Soron Live 24

