त्योहारों के मद्देनजर एसपी ने ढोलना क्षेत्र में किया रात्रि पैदल गश्त

बाजारों, सर्राफा दुकानों, दुर्गा पंडालों और रामलीला स्थलों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश
कासगंज। शारदीय नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने गुरुवार को थाना ढोलना क्षेत्र में पुलिस बल के साथ रात्रि पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, सर्राफा बाजार, दुर्गा पंडालों, रामलीला स्थलों, मंदिरों और धार्मिक जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया।
पैदल गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की गई। इसके अलावा शराब की दुकानों, होटल-ढाबों तथा प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता भी जांची गई।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को त्योहारों के दौरान अराजक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत महिला सुरक्षा के लिए महिला बीट और एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान, थाना ढोलना के प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
कासगंज पुलिस ने जनपदवासियों से त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। पुलिस ने किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल डायल 112 अथवा स्थानीय थाने पर देने का आग्रह किया।
Author: Soron Live 24

