कासगंज में आकाशीय बिजली का कहर, मां-बेटी समेत तीन की मौत

खेत में काम करते समय हुआ दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से मचा कोहराम
सहावर क्षेत्र के नगला माधव गांव में हादसा, जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित किया
कासगंज। जनपद कासगंज के सहावर कोतवाली क्षेत्र के नगला माधव गांव में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में मां-बेटी और एक युवक शामिल हैं। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, नगला माधव गांव में तीनों लोग खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से तीनों उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान नीरज पुत्र अतर सिंह (35 वर्ष), रामवती पत्नी सुभाष (36 वर्ष) और कशिश पुत्री सुभाष (11 वर्ष) के रूप में हुई है। रामवती और कशिश मां-बेटी थीं। एक ही परिवार के दो सदस्यों समेत तीन लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
Author: Soron Live 24

