पत्रकारों की गिरफ्तारी के विरोध में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

पत्रकारों की गिरफ्तारी के विरोध में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

हरियाणा प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग, महिला पत्रकार के अधिकारों की रक्षा और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उठाई आवाज

कासगंज। हरियाणा में लिविंग इंडिया एवं हिंदी खबर न्यूज चैनल के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल सहित चार लोगों की गिरफ्तारी और एक महिला पत्रकार को हिरासत में लिए जाने के मामले को लेकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने विरोध जताया है। मंगलवार को संगठन के पदाधिकारियों ने कासगंज में एडीएम को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वतंत्र पत्रकारिता जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और व्यवस्था को जवाबदेह बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। संविधान का अनुच्छेद 19(1)(क) अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार प्रदान करता है। ऐसे में पत्रकारों के विरुद्ध किसी भी कार्रवाई में कानून का पालन, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

संगठन ने मांग की कि हरियाणा प्रकरण में हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई के आधार और कानूनी प्रक्रिया की समीक्षा कराई जाए। साथ ही महिला पत्रकार की सुरक्षा, गरिमा और कानूनी अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। पत्रकारों को डराने-धमकाने और प्रताड़ित करने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की भी मांग उठाई गई।

पत्रकारों को भयमुक्त वातावरण मिले : विशाल श्रोत्रिय

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विशाल श्रोत्रिय ने कहा कि हरियाणा में पत्रकारों की गिरफ्तारी का मामला पत्रकारिता की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। नशाखोरी जैसे जनहित के मुद्दों को उठाना पत्रकारों के दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यदि किसी समाचार या रिपोर्ट को लेकर कानूनी आपत्ति है, तो उसका निस्तारण निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कानूनी प्रक्रिया के तहत किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों का निर्वहन करते समय भय और दबाव से मुक्त वातावरण मिलना चाहिए। केंद्र सरकार से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने, सच्चाई सामने लाने और यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन हुआ है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई।

ये पत्रकार रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष विशाल श्रोत्रिय, उबैद, जीतेश कुमार, रामेश्वरम गौतम, योगेंद्र कुमार, सचिन उपाध्याय, जीतेश राजपूत, सौरव शाक्य, राजेंद्र, रंजीत कुमार, प्रवेंद्र सक्सेना, राधेश्याम यादव सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *