मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत कासगंज में निकला भव्य पैदल मार्च, महिला सुरक्षा का दिया संदेश

विधायक, महिला आयोग की सदस्य, डीएम और एसपी सहित छात्राओं व महिला पुलिसकर्मियों ने किया प्रतिभाग
कासगंज। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 एवं शारदीय नवरात्रि-2026 के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद कासगंज में भव्य पैदल मार्च निकाला गया। मार्च के माध्यम से महिला सशक्तिकरण तथा समाज में भयमुक्त वातावरण स्थापित करने का संदेश दिया गया।
पैदल मार्च में सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, राज्य महिला आयोग की सदस्य रैनू गौड़, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान एवं कोतवाली कासगंज के प्रभारी निरीक्षक जगदीश चन्द्र सहित अन्य अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, कलावती आयुर्वेदिक कॉलेज कासगंज की महिलाओं, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं कन्या उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय नगर क्षेत्र कासगंज की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न थानों एवं महिला थाने की महिला पुलिसकर्मी भी पैदल मार्च में शामिल रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज को “नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन—सशक्त नारी, सशक्त समाज” का संदेश दिया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।
Author: Soron Live 24

