कासगंज की डॉ. अनीता उपाध्याय बनीं भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अनुमति से हुई घोषणा, ब्रज क्षेत्र के 14 जिलों में महिला मोर्चा के जिलाध्यक्षों की सूची जारी
कासगंज। भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश ने महिला मोर्चा के जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी की अनुमति से 12 अक्टूबर 2026 को जारी सूची में कासगंज जनपद से डॉ. अनीता उपाध्याय को भाजपा महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा से जुड़ी महिलाओं में उत्साह का माहौल है।
भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की ओर से जारी पत्र के अनुसार, ब्रज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 14 जिलों में महिला मोर्चा के जिलाध्यक्षों की घोषणा की गई है। इनमें कासगंज से डॉ. अनीता उपाध्याय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस घोषणा को जिले में महिला संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पार्टी नेतृत्व ने महिला मोर्चा के माध्यम से महिलाओं को संगठन से जोड़ने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ. अनीता उपाध्याय के जिलाध्यक्ष बनने से जिले में महिला मोर्चा की संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
भाजपा की ओर से जारी सूची में आगरा महानगर से श्रीमती अपूर्वा जादौन, आगरा जिले से श्रीमती मनीषा सिंह, मथुरा से श्रीमती प्रतिमा सिंह, फिरोजाबाद महानगर से डॉ. अनुपम शर्मा, फिरोजाबाद जिले से श्रीमती आशा सिंह, अलीगढ़ से श्रीमती सरिता महेश्वरी, हाथरस से श्रीमती शामली पाठक, मैनपुरी से श्रीमती प्रज्ञा सिंगर, बरेली महानगर से श्रीमती गरिमा अग्रवाल, आंवला से श्रीमती मीना मौर्य, शाहजहांपुर जिले से श्रीमती बबली सिंह, शाहजहांपुर महानगर से श्रीमती रुचि गुप्ता तथा बदायूं से श्रीमती सविता शर्मा को महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. अनीता उपाध्याय की नियुक्ति से कासगंज में भाजपा महिला मोर्चा को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अब संगठन की आगामी गतिविधियों और महिला कार्यकर्ताओं को मजबूत करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
Author: Soron Live 24

