नवरात्रि पर्व को लेकर अलर्ट कासगंज पुलिस, एसपी ने बाजारों में किया पैदल गश्त

नवरात्रि पर्व को लेकर अलर्ट कासगंज पुलिस, एसपी ने बाजारों में किया पैदल गश्त

संवेदनशील क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर विशेष जोर, संदिग्ध गतिविधियों व सोशल मीडिया पर पुलिस की रहेगी नजर

कासगंज। आगामी त्योहारों एवं नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कासगंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान के साथ कोतवाली कासगंज क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

पैदल गश्त के दौरान बाजारों, प्रमुख मार्गों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखने पर जोर दिया गया। एसपी ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने धार्मिक स्थलों और पूजा पंडालों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रखने को कहा। इसके अलावा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं पर नजर रखने और किसी भी सूचना का समय से सत्यापन कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पैदल गश्त के माध्यम से पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। कासगंज पुलिस ने लोगों से त्योहारों को आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

कासगंज पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *