सोरों में युवक को गोली मारकर किया घायल, अलीगढ़ के बाद दिल्ली रेफर

सोरों में युवक को गोली मारकर किया घायल, अलीगढ़ के बाद दिल्ली रेफर

ब्रह्मपुरी गांव में रंजिश को लेकर हुआ विवाद, गोली कान के ऊपर लगी; पुलिस ने शुरू की जांच

कासगंज/सोरों। सोरों थाना क्षेत्र के ग्राम ब्रह्मपुरी में शुक्रवार देर शाम रंजिश के चलते एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। गोली युवक के कान के ऊपर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ और वहां से दिल्ली एम्स के लिए रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुरी निवासी 34 वर्षीय विजय भारद्वाज पुत्र संतोष भारद्वाज का शुक्रवार दोपहर गांव के ही अमित व अन्य लोगों से किसी बात को लेकर विवाद और कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद देर शाम आरोपियों ने विजय को निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली लगते ही विजय लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल विजय को कासगंज अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ में उपचार के बाद उसे दिल्ली एम्स के लिए रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। सोरों कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी ने बताया कि पीड़ित पक्ष या उसके स्वजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सके और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जा सके। तहरीर प्राप्त होने के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *