तालाब पर अतिक्रमण से आवासीय गलियों में भरा कीचड़, ग्रामीण परेशान

बारिश के बाद बढ़ जाती है समस्या, कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई; ग्रामीणों में नाराजगी
सलेमपुर पीरोंदा। जनपद कासगंज के गांव सलेमपुर पीरोंदा में तालाब पर अतिक्रमण के चलते जल निकासी की समस्या गंभीर बनी हुई है। बारिश के बाद पानी की निकासी बाधित होने से आवासीय गलियों में जलभराव के साथ कीचड़ जमा हो जाता है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब पर अतिक्रमण होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हुई है। बारिश होने के बाद गलियों में कई जगह कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे।
मौके पर जुगेंद्र, सौरभ, रोहित, दीनू प्रधान, शैलेंद्र, अमित सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर जलभराव और कीचड़ की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
Author: Soron Live 24

