अमांपुर में बारिश से फसलें बर्बाद, मुआवजे की मांग तेज

अमांपुर में बारिश से फसलें बर्बाद, मुआवजे की मांग तेज

विधायक हरिओम वर्मा ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर कराया नुकसान का सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को राहत दिलाने की मांग

कासगंज। अमांपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। खेतों में कई फीट तक पानी भरने से धान, बाजरा समेत अन्य फसलें सड़ गईं। फसल चौपट होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों की समस्या को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक हरिओम वर्मा ने जिलाधिकारी प्रणय सिंह को पत्र भेजकर फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।

जिलाधिकारी को भेजे पत्र में विधायक ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 101-अमांपुर के अधिकांश गांवों में अत्यधिक बारिश के कारण खेतों में जलभराव हो गया है। कई स्थानों पर खेतों में पानी कई फीट तक भरने से तैयार फसलें नष्ट हो गई हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

विधायक ने प्रशासन से राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीमों को प्रभावित गांवों में भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सर्वे पारदर्शी तरीके से कराकर फसल क्षति की रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि पात्र किसानों को शासन के नियमानुसार राहत मिल सके।

उन्होंने आपदा राहत कोष और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

बारिश से प्रभावित किसानों का कहना है कि फसल नष्ट होने से उनकी लागत भी नहीं निकल पाएगी और अब अगली फसल की बोआई को लेकर भी चिंता बनी हुई है। विधायक की ओर से प्रशासन को पत्र भेजे जाने के बाद किसानों को क्षति सर्वे और राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *