सोरों में 29 सितंबर से होगी श्रीराम कथा की अमृत वर्षा, 9 बजे निकलेगी भव्य कलश शोभायात्रा

श्री वराह मंदिर से होगा शुभारंभ, कथा वाचक पंडित नितिन पचौरी सुनाएंगे श्रीराम कथा
सोरों। तीर्थ नगरी सोरों शूकरक्षेत्र में भगवान श्रीराम की कृपा और हनुमान जी महाराज की व्यवस्था से श्रीराम कथा की अमृत वर्षा का आयोजन किया जा रहा है। कथा का वाचन कथा वाचक पंडित नितिन पचौरी द्वारा किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।
कार्यक्रम का शुभारंभ 29 सितंबर 2026, मंगलवार को सुबह 9 बजे श्री वराह मंदिर से भव्य कलश शोभायात्रा के साथ होगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से कलश शोभायात्रा में शामिल होकर श्रीराम कथा के इस पावन आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।
आयोजन के तहत 29 सितंबर को श्रीरामचरितमानस महिमा एवं सती चरित्र का वर्णन किया जाएगा। 30 सितंबर को शिव महिमा, शिव विवाह, नारद मोह की लीला, राजा प्रताप भानु की कथा और रावण की अनीति का प्रसंग होगा।
1 अक्टूबर को राम जन्म, राम बाल लीला और अहिल्या उद्धार, जबकि 2 अक्टूबर को धनुष यज्ञ, लक्ष्मण-परशुराम संवाद एवं राम विवाह की कथा सुनाई जाएगी।
3 अक्टूबर को कैकेयी-दशरथ संवाद, वनगमन, केवट प्रसंग और चित्रकूट वास, वहीं 4 अक्टूबर को सुमंत जी की अयोध्या वापसी एवं दशरथ मरण का प्रसंग होगा।
5 अक्टूबर को भरत मिलाप, अयोध्या कांड, सती अनुसूइया प्रसंग, सीता हरण, खर-दूषण वध और जटायु प्रसंग का वर्णन होगा। 6 अक्टूबर को सुग्रीव से राम जी की मित्रता, बाली वध, सुंदरकांड तथा सेतुबंध रामेश्वर की स्थापना का प्रसंग होगा।
7 अक्टूबर को अंगद-रावण संवाद, लंका कांड, श्रीराम राज्याभिषेक तथा श्रीराम द्वारा प्रजा को भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का संदेश दिया जाएगा। इसी दिन कथा का विश्राम होगा।
आयोजन का समापन 8 अक्टूबर 2026, गुरुवार को दोपहर 12 बजे से यज्ञ एवं प्रसाद भंडारे के साथ किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पंडित नितिन पचौरी के मुखारविंद से श्रीराम कथा का श्रवण करने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
॥ जय श्रीराम ॥
Author: Soron Live 24

