कासगंज में भारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट, डीएम ने जारी की एडवाइजरी

कासगंज में भारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट, डीएम ने जारी की एडवाइजरी


जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील, संबंधित विभागों को आपातकालीन व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

कासगंज, 26 सितंबर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) एवं राहत आयुक्त, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी मौसम संबंधी चेतावनी के मद्देनजर जनपद कासगंज में भारी वर्षा, मेघगर्जन, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने तथा झोंकों के साथ इनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।

जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने जनपदवासियों से खराब मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने और स्वयं व परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों व एडवाइजरी का पालन करने को कहा है।

अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश

जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस, पंचायती राज, नगर निकाय, स्वास्थ्य, विद्युत और सिंचाई समेत सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों, निचले इलाकों, जर्जर भवनों तथा नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

वज्रपात के दौरान पेड़ों और खुले स्थानों से रहें दूर

प्रशासन ने लोगों से तेज हवाओं के दौरान पेड़, बिजली के खंभे, कच्चे व जर्जर मकानों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है। मेघगर्जन व वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे, तालाब और जलभराव वाले स्थानों के पास न जाने तथा सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने की सलाह दी गई है।

लोगों से टूटे बिजली के तारों को न छूने, तेज बारिश में नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है। प्रशासन ने अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

आपातकालीन सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष: 1077, 5744272105

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *