पंडित दीन दयाल उपाध्याय जयंती पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया माल्यार्पण
एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों को किया याद, राष्ट्रहित में कार्य करने का लिया संकल्प

सोरों (कासगंज)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी सोरों नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने कछला गेट स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष आदित्य काकोरिया दुबे ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय केवल एक विचारक ही नहीं, बल्कि अंत्योदय के प्रणेता थे। उनका चिंतन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित था। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद का दर्शन आज भी सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है।
मनीष शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान को महत्वपूर्ण माना। उनकी जयंती पर हमें उनके विचारों को केवल स्मरण करने के बजाय उन्हें अपने व्यवहार और सामाजिक कार्यों में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।

आशुतोष त्रिवेदी ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद भारतीय संस्कृति और समाज की मूल भावना से जुड़ा विचार है। उनका मानना था कि विकास का उद्देश्य केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और राष्ट्र का संतुलित विकास होना चाहिए। उनके विचार आज भी युवाओं को राष्ट्रसेवा और समाजहित के लिए प्रेरित करते हैं।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मनीष शर्मा, आशुतोष त्रिवेदी, नानक चंद्र गुप्ता, गौरीश बाबू, विजय गोस्वामी, राहुल पाठक, नीरज रावत, राहुल पचौरी, धर्मेंद्र कुमार, गिरीश वार्ष्णेय सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

