भक्ति के रंग में रंगी सोरों नगरी, धूमधाम से निकली श्रीमद्भागवत कथा की कलश यात्रा

भक्ति के रंग में रंगी सोरों नगरी, धूमधाम से निकली श्रीमद्भागवत कथा की कलश यात्रा

पीले परिधानों में सिर पर कलश धारण कर निकलीं महिलाएं, बैंड-बाजों के साथ गूंजे श्रीहरि के जयकारे; 26 सितंबर तक मानस मंदिर में होगी कथा की अमृत वर्षा

सोरों। तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व शनिवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों और धार्मिक जयघोष के बीच निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पीले वस्त्र धारण कर महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर यात्रा की शोभा बढ़ाई। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।

कलश यात्रा का शुभारंभ श्रीवराह मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद हुआ। इसके बाद यात्रा बड़ा मंदिर से प्रारंभ होकर मोहल्ला चक्रतीर्थ, चौदह पौर, कटरा और चंदन चौक होते हुए हरि की पैड़ी स्थित मानस मंदिर पहुंची। यहां विधि-विधान के साथ कलश यात्रा का समापन किया गया।

मानस मंदिर में 19 सितंबर से 26 सितंबर तक प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। प्रसिद्ध कथा वाचक संजय कृष्ण भैया श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे।

कथा वाचक संजय कृष्ण भैया ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा भगवान की भक्ति और जीवन में सदाचार का मार्ग दिखाने वाली दिव्य कथा है। भागवत श्रवण से मनुष्य के भीतर भक्ति, संस्कार और सकारात्मक विचारों का संचार होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का श्रवण करने और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।

इन प्रसंगों का होगा वर्णन

19 सितंबर को कलश यात्रा एवं कथा शुभारंभ के बाद 20 सितंबर को कुंती स्तुति, सृष्टि वर्णन एवं विवाह प्रसंग होंगे। 21 सितंबर को विदुर, ध्रुव, प्रह्लाद कथा एवं नरसिंह अवतार का वर्णन किया जाएगा।

22 सितंबर को गजेंद्र मोक्ष, वामन अवतार, राम जन्म, कृष्ण जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव होगा। 23 सितंबर को बाल लीला, माखन चोरी, गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग का आयोजन होगा।

24 सितंबर को गोपी गीत, महारास, गोपी-उद्धव संवाद एवं रुक्मिणी मंगल का प्रसंग होगा। 25 सितंबर को सुदामा चरित्र, कथा विश्राम, व्यास पूजन एवं भाव होली का आयोजन किया जाएगा। 26 सितंबर को प्रसाद वितरण एवं भंडारे के साथ आयोजन का समापन होगा।

कार्यक्रम का आयोजन माधुरी शर्मा पत्नी अशोक वेंदलवार द्वारा कराया जा रहा है। कलश यात्रा में संजय कृष्ण भैया, अभिषेक वेंदलवार, विनय वेंदलवार, राहुल वेंदलवार, गोपाल भारद्वाज, सूर्यकांत, आयुष, अथर्व, ओम, अमय, बालकिशन डोडरिया, गोपाल मिश्रा, मुरारी लाल, कन्हैया लाल रामलोटा, गिरधारी पहलवान, श्रीकृष्ण भारद्वाज, कमल नयन चौधरी, आदेश तिवारी, पंकज महेरे, राहुल पाठक, विभु पांडे, सार्थक महेरे, माधव महेरे, मोनू महेरे, उमेश शास्त्री वृंदावन एवं बांके बिहारी शास्त्री सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *