गणेश जन्मोत्सव पर भक्तिमय हुआ तीर्थनगरी सोरों
टेढ़ानीम स्थित गणेश मंदिर में हुई महाआरती, पूजा-अर्चना के बाद भक्तों को बांटा गया प्रसाद

सोरों। तीर्थ नगरी सोरों में गणेश जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। नगर के विभिन्न गणेश मंदिरों में दिनभर धार्मिक आयोजन हुए। भगवान को छप्पन भोग लगाया गया।
श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिरों में गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

टेढ़ानीम स्थित गणेश मंदिर में गणेश जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश का पूजन कर उन्हें भोग अर्पित किया। इसके बाद विधि-विधान से महाआरती की गई। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान गणेश के जयकारे लगाए। आरती के उपरांत भक्तों को भोग एवं प्रसाद का वितरण किया गया।
आयोजन के दौरान श्रीकृष्ण भारद्वाज, अतुल भारद्वाज, दिवाकर सोनी, प्रदीप भारद्वाज, विकास तिवारी, पीयूष शंकर महेरे सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।
सिद्ध गणेश गली में भी मनाया गया गणेश जन्मोत्सव
तीर्थ नगरी सोरों की सिद्ध गणेश गली में भी गणेश जन्मोत्सव को लेकर विशेष आयोजन किया गया। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर धार्मिक वातावरण में उत्सव मनाया। गणपति पूजन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस दौरान आकाश महेरे, सीटू तिवारी, योगेश महेरे, विष्णु भारद्वाज सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। गणेश जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया और पूरा वातावरण गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा।
Author: Soron Live 24

