नौरथा में तीन मकानों में नकब लगाकर चोरी, गांव में मचा हड़कंप

नौरथा में तीन मकानों में नकब लगाकर चोरी, गांव में मचा हड़कंप

खेतों की ओर से दीवार में नकब लगाकर घुसे चोर, जेवरात व दो मोबाइल चोरी; डॉग स्क्वायड और ड्रोन कैमरे से तलाश जारी

कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नौरथा में अज्ञात चोरों ने तीन मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर एक मकान से जेवरात व दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गए, जबकि दो बंद मकानों में भी चोरी की गई है। दोनों मकानों के गृहस्वामी बाहर रहने के कारण चोरी गए सामान का अभी आकलन नहीं हो सका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

खेत की ओर से दीवार में नकब लगाकर घुसे चोर

जानकारी के अनुसार ग्राम नौरथा निवासी रेशमा पत्नी स्वर्गीय रामनरेश अपनी पुत्री रवीना के साथ मकान के बरामदे में सो रही थीं। रवीना अपने पति के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण मायके में रह रही हैं। देर रात अज्ञात चोरों ने खेत की ओर से मकान की दीवार में नकब लगाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बक्से में रखी दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, एक जोड़ी कुंडल, एक नाक की बेसर, एक कमरधनी तथा दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए।

बगल के दो बंद मकानों में भी चोरी

चोरों ने रेशमा के मकान के बगल में स्थित पातीराम पुत्र कुमरसेन जाटव तथा इंद्रपाल पुत्र रामचरण जाटव के बंद मकानों को भी निशाना बनाया। बताया गया कि दोनों मकानों के गृहस्वामी लंबे समय से गांव से बाहर रह रहे हैं। इंद्रपाल एक सितंबर से लखनऊ में हैं, जबकि पातीराम लंबे समय से पंजाब में मजदूरी कर रहे हैं। दोनों मकानों में गृहस्वामी मौजूद न होने के कारण चोरी गए सामान का आकलन नहीं हो सका है।

पुलिस, फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वायड ने किया निरीक्षण

घटना की सूचना पर सदर कोतवाली प्रभारी जगदीश पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट एवं डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस द्वारा चोरी की घटना के संबंध में जांच-पड़ताल की जा रही है।

ड्रोन कैमरे से गांव व आसपास तलाश

अज्ञात चोरों की तलाश में पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरे से गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम चोरों तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। तीनों मकान गांव में प्रवेश करते ही खेतों के किनारे बने हुए बताए गए हैं।

तहरीर मिलने पर होगी विधिक कार्रवाई

पुलिस के अनुसार प्रकरण के संबंध में तहरीर प्राप्त होने पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *