छठवें दिन भी डटे हरवीर सिंह भारतीय, मांगों पर नहीं बनी सहमति

 छठवें दिन भी डटे हरवीर सिंह भारतीय, मांगों पर नहीं बनी सहमति

शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर आंबेडकर पार्क में सत्याग्रह जारी, डीआईओएस और तहसीलदार से वार्ता बेनतीजा; 13 सितंबर को निकलेगा जन अधिकार मार्च

कासगंज। शिक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षा के अधिकारों को लेकर सोरों गेट स्थित आंबेडकर पार्क में चल रहा सत्याग्रह शुक्रवार को छठवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हरवीर सिंह भारतीय ने कहा कि प्रमुख मांगों पर अधिकारियों से वार्ता के बावजूद अभी तक सहमति नहीं बन सकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल आश्वासन से आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) रजनेश कुमार और तहसीलदार ने धरना स्थल पर पहुंचकर हरवीर सिंह भारतीय सहित आंदोलनकारियों से वार्ता की और उनकी मांगें सुनीं। आंदोलनकारियों ने कहा कि मांगों का वास्तविक रूप से धरातल पर क्रियान्वयन होना चाहिए।

हरवीर सिंह भारतीय ने कहा कि पिछले छह दिनों से आंबेडकर पार्क पर सत्याग्रह किया जा रहा है। जब तक शिक्षा व्यवस्था में वास्तविक बदलाव दिखाई नहीं देता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने स्कूलों में शत-प्रतिशत एनसीईआरटी पुस्तकों का प्रभावी क्रियान्वयन कराने तथा अनधिकृत एवं मनमाने शुल्क पर रोक लगाने की मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के अधिकार (आरटीई) का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाए और शिक्षा व्यवस्था में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो।

13 सितंबर को निकलेगा जन अधिकार मार्च

हरवीर सिंह भारतीय ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 13 सितंबर को दोपहर 12 बजे आंबेडकर पार्क से गांधी मूर्ति तक जन अधिकार मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने युवाओं और जागरूक नागरिकों से मार्च में शामिल होने की अपील की।

वहीं, डीआईओएस रजनेश कुमार ने बताया कि निजी स्कूलों के संबंध में जारी शासनादेश के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *