कासगंज:बिना पंजीकरण चल रहे कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरियों पर कसेगा शिकंजा

बिना पंजीकरण चल रहे कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरियों पर कसेगा शिकंजा

डीआईओएस ने कहा- जल्द चलेगा जांच अभियान, नियमों का उल्लंघन मिला तो होगी कार्रवाई

कासगंज। जिले में बिना आवश्यक पंजीकरण अथवा मानकों के संचालित किए जा रहे कथित कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों को लेकर शिक्षा विभाग सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) रजनीश कुमार ने कहा है कि ऐसे संस्थानों की जल्द जांच कराई जाएगी। नियमों के विरुद्ध संचालन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिले के शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी निजी कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय स्तर पर कुछ संस्थानों के बिना आवश्यक पंजीकरण संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ लाइब्रेरियों के लंबे समय तक खुले रहने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी बढ़ा लाइब्रेरियों का चलन

शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों के बीच लाइब्रेरियों का चलन बढ़ा है। शहरों के अलावा अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर संचालित होने की बात सामने आ रही है। कुछ स्थानों पर इनके लंबे समय तक खुले रहने की जानकारी भी स्थानीय लोगों की ओर से दी जा रही है। ऐसे में संस्थानों के पंजीकरण, संचालन की अनुमति और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।

गढ़ी हरनाठेर की दो लाइब्रेरियां भी जांच के दायरे में

विकासखंड सोरों क्षेत्र के ग्राम गढ़ी हरनाठेर में संचालित बताई जा रही मगन लाइब्रेरी और मानवता लाइब्रेरी के संबंध में जब जिला विद्यालय निरीक्षक रजनीश कुमार से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उनके पास उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस नाम से कोई लाइब्रेरी पंजीकृत नहीं है।

डीआईओएस ने कहा कि यदि उक्त नामों से लाइब्रेरियां संचालित पाई जाती हैं और उनके पास आवश्यक पंजीकरण अथवा अनुमति नहीं है तो उनके संचालन की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जांच अभियान का इंतजार

शिक्षा विभाग के इस रुख के बाद बिना पंजीकरण या निर्धारित मानकों के संचालन के आरोपों से घिरे संस्थानों पर कार्रवाई की उम्मीद बढ़ गई है। अब निगाहें विभाग के प्रस्तावित जांच अभियान पर हैं। अभियान शुरू होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जिले में कितने कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी नियमों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं और कितने संस्थान जांच के दायरे में आते हैं।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *