गुमशुदा बेटी की बरामदगी को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी मां, दो घंटे बाद पुलिस ने उतारा

गुमशुदा बेटी की बरामदगी को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी मां, दो घंटे बाद पुलिस ने उतारा

कासगंज। सोरों कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लाले नगला में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अपनी गुमशुदा बेटी की बरामदगी की मांग को लेकर एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला ने पुलिस-प्रशासन पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए बेटी को जल्द बरामद करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, ग्राम जरैथा निवासी मुन्नी देवी पत्नी ऋषि पाल की बेटी करीब दो से ढाई वर्ष पूर्व लापता हो गई थी। महिला का आरोप है कि बेटी के लापता होने के बाद पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसी से नाराज होकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गई और बेटी की बरामदगी की मांग करने लगी।

महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही सोरों थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने महिला को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाते रहे।

काफी देर तक चले प्रयास के बाद महिला को टावर से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। महिला के नीचे उतरने के बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही।

महिला की मांग है कि उसकी गुमशुदा बेटी को जल्द से जल्द बरामद किया जाए और मामले में कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

ग्राम जरैथा के प्रधान मदनलाल ने बताया कि महिला की बेटी करीब दो से ढाई वर्ष पहले लापता हुई थी। बेटी की बरामदगी के लिए कार्रवाई न होने से नाराज महिला बुधवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच और महिला की शिकायत के संबंध में आगे की कार्रवाई में जुटी है।񎟟

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *