कासगंज में शिक्षा की ‘लूट’ के खिलाफ बिगुल, अम्बेडकर पार्क में अभिभावकों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू

कासगंज में शिक्षा की ‘लूट’ के खिलाफ बिगुल, अम्बेडकर पार्क में अभिभावकों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू

100% NCERT, री-एडमिशन फीस पर रोक समेत 10 मांगों को लेकर आंदोलन; संयोजक हरवीर सिंह भारतीय बोले—“लड़ाई किसी व्यक्ति या स्कूल से नहीं, व्यवस्था बदलने की है”

कासगंज यूपी। (सचिन उपाध्याय)निजी विद्यालयों में कथित मनमानी फीस वसूली, नियमों की अनदेखी और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी के खिलाफ अभिभावकों और समाजसेवियों ने मोर्चा खोल दिया है। ‘शिक्षा को लूट से मुक्त करो जन आंदोलन’ के बैनर तले रविवार को सोरों गेट स्थित अम्बेडकर पार्क में अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण सत्याग्रह शुरू किया गया। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक सत्याग्रह जारी रहेगा।

दस सूत्रीय मांगों को लेकर आर-पार की तैयारी

सत्याग्रह कर रहे अभिभावकों की प्रमुख मांगों में जिले के निजी विद्यालयों में 100 प्रतिशत NCERT पुस्तकें लागू करना, डोनेशन, कैपिटेशन फीस और री-एडमिशन फीस समेत अनधिकृत शुल्कों पर रोक, फीस स्ट्रक्चर सार्वजनिक करना और नियमानुसार फीस वृद्धि शामिल है। इसके अलावा कम से कम पांच वर्ष तक स्कूल यूनिफॉर्म में अनावश्यक बदलाव न करने, RTE के तहत गरीब बच्चों के लिए 25 प्रतिशत आरक्षण का प्रभावी पालन और जिला स्तर पर पारदर्शी शिकायत निवारण व्यवस्था की मांग की गई है।

आंदोलनकारियों ने शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा और समय से सम्मानजनक वेतन भुगतान, पूर्व में गठित जांच समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा दोषी विद्यालयों पर कार्रवाई और पूरी शिक्षा व्यवस्था में प्रशासनिक एवं नैतिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है।

“यह लड़ाई किसी व्यक्ति से नहीं, व्यवस्था में बदलाव के लिए”

सत्याग्रह का नेतृत्व कर रहे संयोजक हरवीर सिंह भारतीय ने कहा कि आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष, विद्यालय या संस्था के खिलाफ नहीं है। उनका कहना है कि अभिभावक चाहते हैं कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, नियमों का पालन और जवाबदेही सुनिश्चित हो।

उन्होंने कहा, “हमारी लड़ाई व्यक्तिगत नहीं, व्यवस्था बदलने की है। हमारा उद्देश्य ऐसा शिक्षा का माहौल तैयार करना है, जहां बच्चों का भविष्य सुरक्षित रहे और अभिभावकों को अनावश्यक आर्थिक बोझ एवं शोषण से राहत मिले।”

हरवीर सिंह भारतीय ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जाएगा। उन्होंने कासगंज के अभिभावकों और आम नागरिकों से सत्याग्रह से जुड़ने की अपील की।

बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय नागरिक

सत्याग्रह स्थल पर महेन्दर सिंह, संदीप यादव, हिमांशु, नासिर खान, योगेश यादव, ज्योति वाले बाबा, हरिहर, रणवीर सिंह, अमित चौहान, प्रवेंदर सिन्हा, नरेंद्र यादव और ऋतिक यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं अभिभावक मौजूद रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *