युवती के साथ मारपीट के आरोप में भीम आर्मी का धरना, पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन

युवती के साथ मारपीट के आरोप में भीम आर्मी का धरना, पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन

पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का लगाया आरोप, क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान को सौंपा ज्ञापन

कासगंज। थाना सोरों क्षेत्र के मानपुर नगरिया निवासी सुजीत पुत्र बालकिशन ने पुलिस अधीक्षक कासगंज को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उसकी पड़ोस की लड़की वंदना को एक अज्ञात व्यक्ति भगा ले गया था। पत्र के अनुसार, घटना के संबंध में पूछताछ के लिए सुजीत अपनी बहन बेबी व मामी जयमाला तथा पत्नी ज्योति के साथ नगरिया चौकी पहुंचे थे।

शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि चौकी प्रभारी आशीष राय ने पूछताछ के दौरान सुजीत व उसके परिजनों के साथ अभद्रता की। आरोप है कि बहन व मामी के साथ भी मारपीट की गई। सुजीत का आरोप है कि आशीष राय व 4-5 अज्ञात पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके पेट में चोट आई तथा उसकी बहन के पैर में भी चोट लगी।

पीड़ित के मुताबिक घटना के बाद उसे सरकारी अस्पताल सोरों ले जाया गया, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। आरोप है कि घटना की वीडियो उसके फोन में थी, जिसे आशीष राय ने फोन छीनकर डिलीट कर दिया तथा फोन भी खराब कर दिया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि थाना सोरों में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र देने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि पुलिस अधिकारी ने कथित तौर पर धमकाते हुए कानूनी कार्रवाई करने से मना किया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इसी मामले को लेकर भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष विशाल कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *