भक्ति में डूबी तीर्थनगरी: द्वारकाधीश मंदिर में धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
हजारों श्रद्धालुओं ने किए भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन, जन्मोत्सव पर गूंजा शंखनाद-घंटा घड़ियाल

कासगंज यूपी। तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र के चंदन चौक स्थित श्री द्वारकाधीश मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक लाइटिंग, फूल बंगला और रंग-बिरंगे गुब्बारों से भव्य रूप से सजाया गया।
देर शाम से ही मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर समिति की ओर से पंचामृत प्रसाद का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती कर महोत्सव में सहभागिता की।
देर रात मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की लीला का भव्य आयोजन किया गया। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, पूरा मंदिर परिसर घंटा-घड़ियाल और शंखनाद से गूंज उठा। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की भव्य आरती आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर के बाहर पुलिस प्रशासन की ओर से भी चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिसकर्मी भीड़ को व्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में मुस्तैद नजर आए।
Author: Soron Live 24

