पुलिस लाइन में गूंजे कान्हा के भजन, डीएम-एसपी ने की कृष्ण जन्मोत्सव की पूजा

पुलिस लाइन में गूंजे कान्हा के भजन, डीएम-एसपी ने की कृष्ण जन्मोत्सव की पूजा

भजन संध्या में झूमे पुलिसकर्मी और परिजन, मध्यरात्रि में हुआ भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्योत्सव

कासगंज। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर कासगंज पुलिस लाइन में भव्य भजन संध्या एवं कृष्ण प्राकट्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूजा अर्चना तीर्थ नगरी सोरों नगर गुरु पंडित वीरेंद्र वल्लभ व्यास ने वैदिक मंत्रोचारण के साथ सम्पन्न कराई।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी कासगंज प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। भजन संध्या में आमंत्रित कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं भक्ति से ओतप्रोत सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।

पुलिस लाइन परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, फूलों और आकर्षक झांकियों से भव्य रूप से सजाया गया था। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्योत्सव के अवसर पर डीएम एवं एसपी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान पूरा परिसर “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” और “हरे कृष्णा” के जयघोष से गूंज उठा।

पूजा-अर्चना एवं आरती के बाद अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, उनके परिजनों तथा उपस्थित नागरिकों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *