जन्माष्टमी पर श्री श्याम वराह मंदिर में गूंजेगा श्रीरामचरितमानस का पाठ
रात 12 बजे होगा भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, दुग्ध अभिषेक, कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन

कासगंज यूपी। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर तीर्थ नगरी सोरों स्थित श्री श्याम वराह मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर परिसर में श्रीरामचरितमानस का पाठ आयोजित किया गया। वहीं देर रात भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा।
जन्माष्टमी को लेकर मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों और गुब्बारों से भव्य रूप से सजाया गया है। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आयोजन होगा। इस दौरान भगवान का दुग्ध अभिषेक, भजन-कीर्तन एवं विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। जन्मोत्सव के बाद मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा।
सागर महाराज ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव सनातन परंपरा और भक्ति का पावन पर्व है। सभी श्रद्धालु देर शाम मंदिर पहुंचकर भजन-कीर्तन में सहभागी बनें और मध्यरात्रि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साक्षी बनकर पुण्य लाभ प्राप्त करें। उन्होंने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
Author: Soron Live 24

