शहीद के घर जलभराव से परेशान परिवार, CRPF जवान ने सोशल मीडिया पर लगाई CM योगी से गुहार

शहीद के घर जलभराव से परेशान परिवार, CRPF जवान ने सोशल मीडिया पर लगाई CM योगी से गुहार

“जब हमारे जवान के परिवार की सुनवाई नहीं हो रही तो आम जनता की फरियाद कौन सुनेगा?”—धर्मेंद्र कुमार ने सिस्टम पर उठाए सवाल

कासगंज। (लेखक सचिन उपाध्याय)जनपद कासगंज के सोरों विकासखंड क्षेत्र के ग्राम चंदपुरा गऊपुरा में जलभराव की समस्या को लेकर अब एक CRPF जवान ने सोशल मीडिया का सहारा लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है। जवान धर्मेंद्र कुमार, जो चंडीगढ़ में CRPF में सिपाही जीडी के पद पर तैनात हैं, ने वीडियो जारी कर अपने परिवार की परेशानी और स्थानीय स्तर पर शिकायतों के बावजूद समाधान न होने का आरोप लगाया है।

धर्मेंद्र कुमार के भाई शहीद आर्येंद्र कुमार की स्मृति में उनके गांव में स्मारक एवं प्रतिमा भी स्थापित है। जवान का कहना है कि उनकी मां घर पर रहती हैं और बरसात के दौरान उनके घर तथा शहीद स्मारक के आसपास जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो जाती है। सड़क, गलियों और नालियों के पानी की निकासी नहीं होने के कारण पानी लंबे समय तक जमा रहता है, जिससे परिवार को आने-जाने में परेशानी होती है।

जुलाई 2025 में भी दी गई थी शिकायत, फिर भी नहीं हुआ पूरा समाधान

प्रार्थना पत्र में शहीद की विधवा मां राजकुमारी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया है कि जलभराव की समस्या को लेकर उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष कार्यालय, कासगंज में जुलाई 2025 में शिकायत की थी। पत्र के अनुसार, शिकायत के बाद संबंधित स्तर पर नाली/जल निकासी का कार्य शुरू कराया गया, लेकिन काम पूरा नहीं हो सका, जिसके चलते समस्या जस की तस बनी हुई है।

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि गांव के कुछ राजनीतिक लोगों द्वारा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने के कारण नाली का काम अधूरा रह गया। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

“बरसात में घर के अंदर तक भर जाता है पानी”

परिवार का कहना है कि जलभराव की समस्या बरसात के मौसम में बेहद गंभीर हो जाती है और सड़क से लेकर घर के अंदर तक पानी पहुंच जाता है। इससे साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी बढ़ जाती हैं। प्रार्थना पत्र में यह भी बताया गया है कि शहीद की मां राजकुमारी वर्ष 2012 से पैरालाइसिस की बीमारी से ग्रस्त हैं और घर में अकेली रहती हैं।

धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि वह देश की सेवा में चंडीगढ़ में तैनात हैं, जबकि उनकी मां गांव में इस समस्या से जूझ रही हैं। शिकायतों और मुख्यमंत्री पोर्टल (IGRS) पर फरियाद के बाद भी समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने मजबूरी में सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, अब सिस्टम की कार्रवाई पर नजर

CRPF जवान ने वीडियो के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप कर जलभराव और नाली निर्माण की समस्या का स्थायी समाधान कराने की अपील की है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

अब सवाल यह है कि शहीद के परिवार और देश की सेवा में तैनात CRPF जवान की इस गुहार पर प्रशासन कब संज्ञान लेता है और गांव की जल निकासी समस्या का स्थायी समाधान कब होता है? साथ ही, सरकारी कार्य में बाधा डालने के लगाए गए आरोपों की भी प्रशासनिक जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *