रारा गांव में मौत का खतरा बनी 11 हजार वोल्ट की लाइन, हटाने की मांग
अब्दुल हफीज गांधी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, इंसुलेटेड तार लगाने की उठाई मांग

कासगंज, 1 सितंबर। सहावर तहसील क्षेत्र के ग्राम रारा में आबादी और मुख्य मार्ग के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन को हटाने तथा सुरक्षित प्लास्टिक-कोटेड/इंसुलेटेड तार लगवाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी और वारिस खां के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी प्रणय सिंह को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता पीयूष कुमार को भी ज्ञापन देकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि रारा गांव के मुख्य मार्ग पर करीब 300 मीटर लंबी 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन आबादी के बीच से गुजर रही है। लाइन के आसपास कई ट्रांसफार्मर भी लगे हैं और इसी रास्ते से ग्रामीणों का लगातार आवागमन होता है। ग्रामीणों के अनुसार विद्युत तार काफी नीचे होने के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विद्युत लाइन के कारण पूर्व में भी गंभीर हादसे हो चुके हैं। करीब आठ माह पूर्व एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत लाइन को आबादी से बाहर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाना जरूरी है।
अब्दुल हफीज गांधी ने जिलाधिकारी से मांग की कि 11 हजार वोल्ट की लाइन को मुख्य रास्ते और आबादी से हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराया जाए। जहां संभव हो, वहां प्लास्टिक-कोटेड/इंसुलेटेड सुरक्षित तार लगाए जाएं। साथ ही विद्युत लाइनों की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों की जांच कराकर आवश्यक सुधार कराया जाए।

उन्होंने कहा कि बिजली सुविधा और विकास का माध्यम है, लेकिन आबादी के बीच गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन यदि लोगों की जान के लिए खतरा बन रही है तो उसे सुरक्षित करना विद्युत विभाग और प्रशासन की जिम्मेदारी है। “किसी और हादसे का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए। लाइन को तत्काल हटाकर सुरक्षित व्यवस्था की जाए।”
ज्ञापन सौंपने के बाद ग्रामवासियों ने अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग पीयूष कुमार से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया और मौके पर निरीक्षण कराकर जल्द समाधान कराने की मांग की।
इस मौके पर शब्बीर खां, नकी खां, इसरार, अजुददी दिवाकर, सन्ने खां, मुन्तियाज शाह, साबिर प्रधान, दिलदार शाह, इरफान खां, हाजी नफीस मोहम्मद, इकरार, नसीर खां, बशीर आलम, वासित खां, रफी अहमद, बदरुल खां, मोहम्मद नवी, रहीकुल, शफी अहमद, बबलू शाह, उम्मीद आलम शाह, वाहिद खां, जीशान, फिरोज खां, शाहिद आदि मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

