जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में सोरों में सवर्ण समाज का सांकेतिक धरना
काली पट्टी और काले झंडे लेकर सैकड़ों युवाओं ने जताया विरोध, आरक्षण को आर्थिक आधार पर लागू करने की उठी मांग।







सोरों (कासगंज)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सवर्ण युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को तीर्थनगरी सोरों शूकर क्षेत्र में सवर्ण समाज के लोगों ने सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। ब्राह्मण कल्याण सभा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में सैकड़ों युवाओं और समाज के लोगों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर तथा काले झंडे लेकर विरोध जताया।
लाठीचार्ज को बताया लोकतंत्र के खिलाफ
धरने को संबोधित करते हुए ब्राह्मण कल्याण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद कुमार पांडे ने जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था को जातिगत आधार के बजाय आर्थिक आधार पर लागू किए जाने की मांग उठाई।
आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग
धरना संयोजक शिव वंदेल ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले लोग केवल अपने लिए नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर सभी वर्गों के युवाओं के लिए आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा कर इसे आर्थिक आधार पर लागू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा में जरूरतमंद विद्यार्थियों को अवसर और सुविधाएं देनी चाहिए तथा प्रतिभा और योग्यता का भी सम्मान होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि योग्य और अधिक अंक प्राप्त करने वाले युवाओं को अवसर नहीं मिलेगा तो देश की प्रगति कैसे होगी।
राहुल निर्भय बोले- अब युवा अपने हित में करेगा फैसला
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राहुल निर्भय ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक आरएसएस और भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में काम किया है। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज के युवाओं में आरक्षण व्यवस्था को लेकर नाराजगी है और सरकार को उनकी चिंताओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अब युवा अपने भविष्य और नीतिगत मुद्दों के आधार पर राजनीतिक समर्थन का निर्णय करेगा। उन्होंने आरक्षण को आर्थिक आधार पर लागू करने की मांग दोहराई।
सभासद विष्णुकांत तिवारी ने भी उठाई आवाज
सभासद विष्णुकांत तिवारी ने जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज को निंदनीय बताते हुए कहा कि सरकार को आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा कर आर्थिक आधार पर लागू करने की दिशा में कदम उठाना चाहिए, जिससे सभी वर्गों के जरूरतमंद लोगों को न्याय मिल सके।
पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा कर आर्थिक आधार पर लागू किया जाए। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने काले झंडे दिखाकर और काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
प्रदर्शन में ब्राह्मण कल्याण सभा के संस्थापक अध्यक्ष शरद कुमार पांडे, संयोजक शिव वंदेल, उपाध्यक्ष सौरव उपाध्याय, जयप्रकाश त्रिवेदी, जिला अध्यक्ष पवन वशिष्ठ, नगर अध्यक्ष धनदीप डगेरा, लाल सौरभ पाठक, गंगा विष्णु माटीदार, केशव, महेश, अंशुल भारद्वाज, शोभित गौड़, दीपक निर्भय, अंशुल दुबे, श्याम बिहारी दीक्षित, विकास तिवारी, अर्जुन मिश्रा, विष्णुकांत तिवारी, विनय तिवारी, पारस दीक्षित, गगन पंडित, हरिओम पचौरी, गिरधारी लाल भारद्वाज, राहुल निर्भय, अनुज तिवारी, सिद्धार्थ चौधरी, अर्जुन रामलोटा, गौरव उपाध्याय, धर्मेंद्र पाठक, रोहित पंडित, आशुतोष निर्भय, दीपक कृष्ण कोठेवर, कन्हैया निर्भय, रानू तिवारी, हिमांशु पचौरी, जय किशन मिश्रा, अभय निर्भय, गोकुल दोंदेरिया और पवन दुबे सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

